DESK:उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां एक महिला पर अपनी दो पुरानी शादियों की बात छिपाकर तीसरी शादी करने और फिर पति को करीब 16 लाख रुपये का चूना लगाने का आरोप लगा है।
आरोप है कि शादी के करीब एक साल बाद महिला घर से 15 लाख रुपये के गहने और एक लाख रुपये नकद लेकर मायके चली गई थी। जब पति ने उसकी पिछली शादियों के बारे में जानकारी जुटाई और ससुराल पहुंचकर सवाल किया, तो उल्टे उसकी ही पिटाई कर दी गई। इतना ही नहीं, 20 लाख रुपये मांगने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गयी। पीड़ित के बयान पर बर्रा थाना पुलिस ने पत्नी और उसके माता-पिता समेत 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दरअसल मामला कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र का है। जहां बर्रा विश्वबैंक निवासी विशाल विश्वकर्मा ऑटो सर्वेयर हैं। विशाल ने बताया कि 18 मई 2025 को उनकी शादी जूही लाल कॉलोनी की रहने वाली प्रगति से हिंदू रीति-रिवाज के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों साथ रह रहे थे, लेकिन 18 जून 2026 को अचानक प्रगति घर छोड़कर मायके चली गई। विशाल का आरोप है कि जाते समय वह घर से करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और एक लाख रुपये नकद भी अपने साथ ले गई।
पत्नी के अचानक घर छोड़कर जाने के बाद विशाल ने जब उसके बारे में छानबीन की, तो जो जानकारी सामने आई, उसने उनके होश उड़ा दिए। विशाल का दावा है कि प्रगति उनसे पहले दो शादियां कर चुकी थी। पहली शादी 20 मार्च 2017 को कानपुर के जूही क्षेत्र के रहने वाले सोनू विश्वकर्मा से आर्य समाज मंदिर में हुई थी।
उसके बाद 23 जून 2017 को इटावा के रहने वाले सुमित बाथम से दूसरी शादी की गई थी। विशाल का कहना है कि दोनों शादियों से जुड़े पंजीकरण के दस्तावेज भी मिले हैं। आरोप है कि प्रगति ने अपनी इन दोनों शादियों की जानकारी छिपाकर उनसे तीसरी शादी की थी।
पिछली शादियों की जानकारी मिलने के बाद 13 अगस्त 2026 को विशाल अपने छोटे भाई के साथ पत्नी के मायके पहुंचे। आरोप है कि वहां उन्होंने जब प्रगति और उसके परिवार से पुरानी शादियों को लेकर सवाल किया, तो उनके साथ मारपीट की गई।
विशाल का आरोप है कि प्रगति की मां सोमवती ने मामला खत्म करने के नाम पर 20 लाख रुपये की मांग की। रकम नहीं देने पर झूठे मुकदमे में फंसाकर जिंदगी बर्बाद करने की धमकी भी दी गई। जिसके बाद पीड़ित विशाल ने बर्रा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रगति, उसके पिता अशोक कुमार और मां सोमवती समेत कुल 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस की माने तो इस मामले में 5 लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच कर रही है। अब पुलिसिया जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि इस पूरे मामले में कौन-कौन से आरोप सही हैं और कथित धोखाधड़ी के पीछे की पूरी कहानी क्या है?





