DESK: मूर्ति विसर्जन के दौरान तेज आवाज में बज रहे डीजे को लेकर एक नवजात बच्ची की मौत का मामला सामने आया है। बच्ची की उम्र महज 20 दिन थी। परिजनों का आरोप है कि डीजे की तेज आवाज के कारण बच्ची की धड़कन रुक गई। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना बिहार के पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की है, जहां मनियर थाना क्षेत्र के मुड़ियारी गांव में इस घटना से परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार को बच्ची की मां रीमा देवी अपनी झोपड़ी में नवजात को लेकर सो रही थीं। इसी दौरान मूर्ति विसर्जन के लिए जा रहे कुछ लोगों ने उनके घर के पास डीजे रोक दिया और तेज आवाज में गाने बजाने लगे।
परिवार का आरोप है कि डीजे की आवाज कम करने के लिए लोगों से कई बार गुहार लगाई गई, लेकिन आवाज कम नहीं की गई। इसी दौरान बच्ची की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने देखा कि उसकी धड़कन नहीं चल रही है। इसके बाद वे तत्काल बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
20 दिन पहले हुआ था बच्ची का जन्म
देवी कुछ दिन पहले ही अपनी ससुराल से मायके मुड़ियारी आई थीं। करीब 20 दिन पहले उन्होंने बच्ची को जन्म दिया था। परिवार में नवजात के आने की खुशियां थीं, लेकिन इस घटना के बाद घर में मातम छा गया।घटना की सूचना मिलने पर मनियर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही मूर्ति विसर्जन में इस्तेमाल किए जा रहे डीजे को कब्जे में ले लिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
बलिया के पुलिस उपाधीक्षक जय शंकर मिश्र ने बताया कि 13 नवंबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि रमेश गौड़ की बहन अपनी करीब 20 दिन की बेटी को झोपड़ी में लेकर सोई हुई थीं। इसी दौरान कुछ लोग डीजे बजाते हुए वहां से गुजर रहे थे। महिला ने बताया कि बच्ची रो नहीं रही है।
इसके बाद परिजन बच्ची को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, संबंधित डीजे को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है।
डीएसपी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल बच्ची की मौत को लेकर परिजनों ने डीजे की तेज आवाज पर सवाल उठाए हैं, लेकिन मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।





