DARBHANGA:दरभंगा के अलीनगर से भाजपा विधायक और प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर से जुड़ा जमीन विवाद लगातार तूल पकड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीणों के विरोध के बीच रात के अंधेरे में मैथिली ठाकुर और उनके पिता रमेश ठाकुर ने खुद बुलडोजर चलवाकर करीब 100 मीटर तक बनाए गए रास्ते को हटवाया। इस दौरान रास्ते पर बिछाई गई ईंटों और बनाई गई दीवार को भी तोड़कर हटा दिया गया।
हालांकि, रास्ते से अतिक्रमण हटाए जाने के बाद भी ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी निजी जमीन पर अब भी कब्जा है और चारदीवारी बनाकर उसे घेर लिया गया है। उनका कहना है कि जब तक निजी जमीन को कब्जे से मुक्त नहीं कराया जाता, तब तक विवाद का समाधान नहीं होगा।
इस मामले में मैथिली ठाकुर के खिलाफ चुनाव लड़ चुके आरजेडी नेता विनोद मिश्रा ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कुछ ग्रामीणों की जमीन पर कब्जे के आरोप लगाते हुए जमीन का विवरण सामने रखा है। विनोद मिश्रा के मुताबिक, गगन मिश्रा की 12 धुर, चंद्र मोहन मिश्रा की 27 धुर और राम उदगार मिश्रा की एक कट्ठा जमीन पर कब्जे का आरोप है। वहीं, श्रवण कुमार मिश्रा की जमीन के बगल से मिट्टी काटे जाने के कारण उनकी जमीन को नुकसान पहुंचने की बात भी कही गई है।
विनोद मिश्रा ने मैथिली ठाकुर को नसीहत देते हुए कहा कि एक गायिका के तौर पर उन्होंने काफी प्रतिष्ठा हासिल की है और लोगों के दिलों में उनके प्रति सम्मान है। ऐसे में उन्हें जनभावनाओं को समझते हुए स्थानीय स्तर पर विवाद का समाधान करना चाहिए। जिन लोगों की जमीन पर कब्जे का आरोप है, उन्हें उनकी जमीन वापस मिलनी चाहिए।
वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने मैथिली ठाकुर को वोट देकर विधायक बनाया और विधानसभा भेजा, लेकिन अब उन्हीं के बीच जमीन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिन लोगों ने उन्हें जिताया, आज उन्हीं की जमीन पर कब्जे की स्थिति बनी हुई है।
फिलहाल, करीब 100 मीटर रास्ते से अतिक्रमण हटाया जाना इस विवाद में अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। हालांकि, निजी जमीन पर कब्जे और मिट्टी कटाई के आरोपों के बीच विवाद अभी पूरी तरह खत्म होता नहीं दिख रहा है।





