ब्रेकिंग
Chhath Puja 2026 : पटना में छठ पर जाने से पहले जान लें ये रास्ते! दीघा से कलेक्ट्रेट घाट तक बदला इंतजाम, कहां मिलेगी पार्किंग?✦Bihar Crime News : मधुबनी में फरार ASI चंद्रमोहन सिंह का मिला सड़ा-गला शव, पास में सर्विस पिस्टल और दस्तावेज; परिवार ने पहचानने से किया इनकार, DNA टेस्ट से खुलेगा राज✦ Bihar News : जमुई में होमगार्ड की डेपुटेशन के लिए 6 हजार रुपये की मांग! पैसे नहीं दिए तो नौकरी से हटवाने की धमकी, दो कर्मियों से जवाब तलब✦Bihar Crime News : जमुई में पुलिस अधिकारी बनकर पहुंचे ठग, 'बड़े बाबू बुला रहे हैं' कहकर उतरवाई एक भर सोने की चेन, कागज में थमा गए नकली लॉकेट✦Bihar News : मुजफ्फरपुर में अवैध मिट्टी खनन ने ली मासूम की जान! ट्रैक्टर ने 10 साल के सन्नी को कुचला, चालक फरार✦Chhath Puja 2026 : पटना में छठ पर जाने से पहले जान लें ये रास्ते! दीघा से कलेक्ट्रेट घाट तक बदला इंतजाम, कहां मिलेगी पार्किंग?✦Bihar Crime News : मधुबनी में फरार ASI चंद्रमोहन सिंह का मिला सड़ा-गला शव, पास में सर्विस पिस्टल और दस्तावेज; परिवार ने पहचानने से किया इनकार, DNA टेस्ट से खुलेगा राज✦ Bihar News : जमुई में होमगार्ड की डेपुटेशन के लिए 6 हजार रुपये की मांग! पैसे नहीं दिए तो नौकरी से हटवाने की धमकी, दो कर्मियों से जवाब तलब✦Bihar Crime News : जमुई में पुलिस अधिकारी बनकर पहुंचे ठग, 'बड़े बाबू बुला रहे हैं' कहकर उतरवाई एक भर सोने की चेन, कागज में थमा गए नकली लॉकेट✦Bihar News : मुजफ्फरपुर में अवैध मिट्टी खनन ने ली मासूम की जान! ट्रैक्टर ने 10 साल के सन्नी को कुचला, चालक फरार

Chhath Puja 2026 : पटना में छठ पर जाने से पहले जान लें ये रास्ते! दीघा से कलेक्ट्रेट घाट तक बदला इंतजाम, कहां मिलेगी पार्किंग?

छठ पूजा 2026 को लेकर पटना के गंगा घाटों पर प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं का मेगा प्लान तैयार किया है। दीघा घाट पर 7000 और कलेक्ट्रेट घाट पर 2500 गाड़ियों की पार्किंग होगी। जानिए घाटों का रूट प्लान और पूरी व्यवस्था।

Chhath Puja 2026 : पटना में छठ पर जाने से पहले जान लें ये रास्ते! दीघा से कलेक्ट्रेट घाट तक बदला इंतजाम, कहां मिलेगी पार्किंग?
Tejpratap
Tejpratap
6 मिनट

पटना : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी पटना में गंगा घाटों पर तैयारियां तेज हो गई हैं। चार दिवसीय इस महापर्व में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा से लेकर पार्किंग और बुनियादी सुविधाओं तक का विस्तृत खाका तैयार किया है। इस बार प्रशासन की सबसे बड़ी चुनौती श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के साथ उन्हें बिना किसी परेशानी के घाट तक पहुंचाना है। इसके लिए दीघा से लेकर कलेक्ट्रेट घाट तक विशेष इंतजाम किए गए हैं।


सबसे खास बात यह है कि दीघा घाट पर एक साथ करीब 7000 गाड़ियों की पार्किंग हो सकेगी, जबकि कलेक्ट्रेट घाट के पास 2500 वाहनों को खड़ा करने की व्यवस्था की गई है। यानी इन दोनों प्रमुख घाटों पर ही हजारों श्रद्धालुओं के वाहनों को व्यवस्थित तरीके से पार्क कराया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित रास्तों और पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें, ताकि छठ के दौरान शहर में जाम की स्थिति नहीं बने।


दीघा घाट इस बार श्रद्धालुओं के लिए बड़ा आकर्षण रहने वाला है। यहां गंगा किनारे करीब तीन किलोमीटर तक पूजा की व्यवस्था की गई है। घाट तक पहुंचने के लिए श्रद्धालु जेपी गंगा पथ के गेट नंबर 83, 88, 92 और 93 का इस्तेमाल कर सकेंगे। अशोक राजपथ से जेपी गंगा पथ होते हुए भी यहां पहुंचने का रास्ता रहेगा। इसके अलावा अटल पथ के नीचे बनी सर्विस लेन और आसपास की सड़कों से भी आवागमन की सुविधा मिलेगी।


वहीं, कलेक्ट्रेट घाट जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए जेपी गंगा पथ और अशोक राजपथ से तीन निर्धारित रास्ते उपलब्ध रहेंगे। यहां वाहन पार्क करने के बाद लोगों को पैदल घाट तक पहुंचना होगा। प्रशासन ने पार्किंग और पैदल आवागमन को व्यवस्थित रखने के लिए विशेष योजना बनाई है।


घाटों पर सिर्फ पार्किंग ही नहीं, बल्कि व्रतियों की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा गया है। दीघा घाट पर महिलाओं के कपड़े बदलने के लिए 87 चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। रात में रुकने वाले श्रद्धालुओं के लिए तीन यात्री शेड की व्यवस्था की गई है। पेयजल के लिए छह चापाकल, तीन बोरिंग और छह टैंकर लगाए जाएंगे। इसके अलावा 79 शौचालय और 71 यूरिनल की सुविधा मिलेगी। सुरक्षा के लिहाज से यहां 26 वॉच टावर और 14 नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं।


कलेक्ट्रेट घाट पर भी व्रतियों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। यहां 40 चेंजिंग रूम और दो यात्री शेड बनाए गए हैं। पेयजल के लिए तीन चापाकल, सात बोरिंग और चार पानी के टैंकर की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं के लिए 60 शौचालय और 60 यूरिनल बनाए गए हैं। भीड़ पर नजर रखने के लिए 17 वॉच टावर और आठ नियंत्रण कक्ष तैयार किए गए हैं।


पटना के सभी गंगा घाटों को मिलाकर सुविधाओं का बड़ा नेटवर्क तैयार किया गया है। प्रशासन के अनुसार, अलग-अलग घाटों पर कुल 453 चेंजिंग रूम और 15 यात्री शेड बनाए गए हैं। श्रद्धालुओं को पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए 185 वाटर टैप, 50 टैंकर, 37 चापाकल और 20 बोरिंग की व्यवस्था की गई है। साफ-सफाई के लिए 607 शौचालय और 560 यूरिनल बनाए गए हैं। वहीं, पूरे घाट क्षेत्र में 173 वॉच टावर और 140 नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किए गए हैं।


सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन किसी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है। घाटों पर 250 मजिस्ट्रेट, 500 पुलिस अधिकारी और 3000 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए भीड़ की निगरानी होगी। वॉच टावर से भी लगातार गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। गंगा नदी में नावों के परिचालन को नियंत्रित करने के साथ एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी गश्त करेंगी, ताकि किसी आपात स्थिति में तत्काल बचाव कार्य शुरू किया जा सके।


स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। एलसीटी घाट, राजापुर पुल घाट, पहलवान घाट और अब्दुल रहमानपुर घाट पर मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। किसी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने या दुर्घटना की स्थिति में इन कैंपों के माध्यम से प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।


प्रशासन ने बच्चों के साथ घाट पहुंचने वाले अभिभावकों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी है। बच्चों की जेब में उनका नाम, घर का पता और परिवार का मोबाइल नंबर लिखकर रखने की अपील की गई है। यदि भीड़ में कोई बच्चा अपने परिजनों से बिछड़ जाता है तो उसे नियंत्रण कक्ष तक पहुंचाकर माइक से अनाउंसमेंट कराया जा सकेगा। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि श्रद्धालुओं के घाट पर रहने तक पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करें और सभी के साथ विनम्र व्यवहार रखें।


छठ के दौरान बिजली व्यवस्था को सुरक्षित रखने के लिए भी ऊर्जा विभाग सक्रिय है। ऊर्जा सचिव अजय यादव ने बिजली इंजीनियरों को घाटों पर लगे तारों और अस्थायी बिजली कनेक्शनों की जांच करने का निर्देश दिया है। बिजली से जुड़ी किसी भी परेशानी की सूचना टोल फ्री नंबर 1912 पर दी जा सकती है।


कुर्जी घाट, पहलवान घाट और राजापुर पुल घाट समेत अन्य गंगा घाटों के लिए भी अलग-अलग रास्ते और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। प्रशासन की अपील है कि श्रद्धालु अपने नजदीकी घाट के निर्धारित मार्ग का इस्तेमाल करें, सड़क पर बेतरतीब वाहन पार्क न करें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। प्रशासन की कोशिश है कि इस बार छठ की आस्था के साथ सुविधा और सुरक्षा का ऐसा संगम बने, जिससे व्रतियों को अर्घ्य देने के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।