मोकामा विधायक अनंत सिंह का अंदाज हमेशा से सुर्खियों में रहा है। पत्रकारों के सवालों पर उनके छोटे, सीधे और नपे-तुले जवाब खूब वायरल होते हैं। इस बार उन्होंने अपनी जिंदगी से जुड़ा ऐसा खुलासा किया है, जिसे सुनकर लोग हैरान हैं। अनंत सिंह ने बताया कि उन्होंने पिछले 37 वर्षों से कोई फिल्म नहीं देखी है। दिलचस्प बात यह है कि पटना में उनका अपना मॉल है, जहां सिनेमा हॉल भी मौजूद हैं।
दरअसल, बिहार की राजनीति में कुछ चेहरे ऐसे हैं, जिनकी चर्चा उनके राजनीतिक फैसलों से ज्यादा उनके अंदाज और बयानों को लेकर होती है। मोकामा के विधायक अनंत सिंह भी इसी फेहरिस्त में शामिल हैं। उनके बोलने का तरीका हो, पत्रकारों के सवालों पर प्रतिक्रिया देने का अंदाज हो या फिर किसी विवाद पर उनकी टिप्पणी, हर बार कुछ न कुछ ऐसा निकल ही आता है, जो चर्चा का विषय बन जाता है।
अनंत सिंह की खासियत यह है कि वे सवाल का जवाब देने में ज्यादा घुमाव-फिराव पसंद नहीं करते। सवाल चाहे राजनीति से जुड़ा हो, अपराध से या फिर निजी जिंदगी से, उनका जवाब अक्सर छोटा, सीधा और अपने अंदाज में होता है। कई बार उनके एक-दो वाक्य ही सोशल मीडिया पर चर्चा बटोर लेते हैं।
लेकिन इस बार अनंत सिंह ने ऐसा खुलासा किया है, जिसका संबंध न तो मोकामा की राजनीति से है और न ही किसी चुनावी समीकरण से। यह मामला सीधे फिल्मी दुनिया से जुड़ा है। विधायक ने बताया कि उन्होंने करीब 37 वर्षों से कोई फिल्म नहीं देखी है। उनका यह बयान सामने आने के बाद लोग हैरान हैं कि आखिर फिल्मों से इतनी दूरी क्यों?
अपना मॉल, अपना सिनेमा हॉल, लेकिन 37 साल से फिल्म से दूरी!
अनंत सिंह के इस खुलासे में सबसे दिलचस्प पहलू यही है कि एक तरफ पटना में उनका अपना मॉल है, जहां सिनेमा हॉल भी संचालित होते हैं, वहीं दूसरी तरफ वे खुद पिछले करीब 37 वर्षों से सिनेमाघर नहीं गए हैं। आज के दौर में जहां फिल्मों को मनोरंजन का सबसे बड़ा माध्यम माना जाता है, वहीं अनंत सिंह का कहना है कि उन्हें फिल्म देखने में कोई खास दिलचस्पी नहीं है। उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि लगभग साढ़े तीन दशक से उन्होंने कोई फिल्म नहीं देखी है।
यह बात इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि आमतौर पर फिल्मी सितारों और फिल्मों को लेकर लोगों में काफी उत्सुकता रहती है। बड़े-बड़े कारोबारी भी फिल्मों के शौकीन होते हैं। लेकिन अनंत सिंह का मामला बिल्कुल अलग नजर आता है। उनके पास मॉल है, सिनेमा हॉल है, लेकिन खुद फिल्म देखने का शौक नहीं है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि फिल्मों के पीछे समय बिताना उन्हें पसंद नहीं है। उनके लिए दूसरी चीजें ज्यादा महत्वपूर्ण हैं।
1989 के आसपास कौन-सी फिल्म देखी होगी अनंत सिंह ने?
अब जब अनंत सिंह ने 37 साल से फिल्म नहीं देखने की बात कही है, तो लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिर उन्होंने अपनी जिंदगी की आखिरी फिल्म कौन-सी देखी थी? अगर 37 साल पीछे यानी 1989 के आसपास के फिल्मी दौर पर नजर डालें तो उस समय बॉलीवुड में कई बड़े सितारों का जलवा था। अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, मिथुन चक्रवर्ती और सनी देओल जैसे कलाकारों की फिल्में दर्शकों के बीच खूब लोकप्रिय थीं।
साल 1989 में सलमान खान की बतौर मुख्य अभिनेता पहली बड़ी फिल्म 'मैंने प्यार किया' रिलीज हुई थी। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की और सलमान खान को रातोंरात बड़े सितारों की कतार में खड़ा कर दिया।इसी दौर में जैकी श्रॉफ की 'परिंदा', मिथुन चक्रवर्ती की 'दाता', 'प्रेम प्रतिज्ञा' और 'गुरु' जैसी फिल्मों की भी चर्चा रही। वहीं सनी देओल की 'त्रिदेव' ने भी दर्शकों के बीच खूब लोकप्रियता हासिल की।
ऐसे में सवाल उठता है कि क्या अनंत सिंह ने इनमें से कोई फिल्म देखी थी? क्या उनकी आखिरी फिल्म किसी बड़े सितारे की थी या फिर कोई ऐसी फिल्म, जिसका नाम आज लोगों को याद भी नहीं होगा? फिलहाल अनंत सिंह ने अपनी आखिरी देखी हुई फिल्म का नाम नहीं बताया है। इसलिए यह सवाल अभी भी अनसुलझा है।
भोजपुरी फिल्म में भी काम करने का मिला था ऑफर, लेकिन कर दिया इनकार
अनंत सिंह की जिंदगी पर फिल्म बनाने की कोशिश भी हो चुकी है। करीब 13 साल पहले उनकी जिंदगी और बाहुबली छवि को आधार बनाकर भोजपुरी फिल्म बनाने का प्रस्ताव सामने आया था। लेकिन बताया जाता है कि अनंत सिंह ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया। उनका तर्क था कि फिल्म बनाने और उसमें समय बिताने से कोई फायदा नहीं है। यानी जिस व्यक्ति की जिंदगी खुद किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं मानी जाती, उसे पर्दे पर अपनी कहानी दिखाने में ही दिलचस्पी नहीं रही। यही वजह है कि उनके 37 साल से फिल्म नहीं देखने वाले बयान को लोग और भी दिलचस्प मान रहे हैं।
कभी विदेश तक लड़ाई पहुंचाने की बात, तो कभी छत पर बैठने वाला जवाब!
अनंत सिंह सिर्फ फिल्म वाले बयान से ही चर्चा में नहीं आए हैं। पत्रकारों के सवालों पर उनके जवाब अक्सर सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं। कुछ समय पहले जब एक पत्रकार ने उनसे सोनू-मोनू के साथ चल रहे विवाद को लेकर पूछा कि आखिर यह लड़ाई कहां तक जाएगी, तो अनंत सिंह ने बेहद सहज अंदाज में जवाब दिया कि यह लड़ाई विदेश तक जाएगी। उनका यह जवाब सुनकर पत्रकार भी कुछ पल के लिए हैरान रह गया।
एक अन्य मौके पर पत्रकार ने उनसे पूछा कि आप कमरे में बैठे रहते हैं, ऐसे में दुश्मन कभी भी हमला कर सकता है। इस पर अनंत सिंह ने तत्काल जवाब दिया- 'तो क्या छत पर बैठें?'उनका यह जवाब भी खूब चर्चा में रहा। इसी तरह जब उनसे पूछा गया कि उन पर गोली किस तरफ से चली थी, तो उन्होंने पत्रकार को घूरते हुए अपने खास अंदाज में प्रतिक्रिया दी। इन बयानों की खासियत यही है कि अनंत सिंह लंबी प्रेस कॉन्फ्रेंस करने या सवालों पर विस्तार से सफाई देने के बजाय कुछ शब्दों में अपनी बात कह देते हैं।
अनंत सिंह के बयान क्यों बन जाते हैं सुर्खियां?
बिहार की राजनीति में अनंत सिंह की पहचान केवल एक विधायक के तौर पर नहीं है। मोकामा की राजनीति, उनका पुराना बाहुबली प्रभाव, विवादों से जुड़ा इतिहास और बेबाक बातचीत का अंदाज उन्हें लगातार सुर्खियों में बनाए रखता है।हालांकि, उनके बयानों को लेकर राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रियाएं अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन इतना जरूर है कि मीडिया के सामने उनका अंदाज लोगों का ध्यान खींचता है।
इस बार भी मामला कुछ ऐसा ही है। एक तरफ पटना में मॉल और सिनेमा हॉल, दूसरी तरफ खुद 37 साल से फिल्म नहीं देखने का दावा। अब लोगों की दिलचस्पी सिर्फ इस बात में नहीं है कि अनंत सिंह ने कौन-सी आखिरी फिल्म देखी थी, बल्कि यह जानने में भी है कि आखिर उन्हें फिल्मों से इतनी दूरी क्यों पसंद है।फिलहाल अनंत सिंह ने अपनी आखिरी फिल्म का नाम नहीं बताया है। ऐसे में बॉलीवुड के पुराने दौर से जुड़ा यह सवाल अभी बरकरार है कि मोकामा के विधायक ने 37 साल पहले पर्दे पर आखिर कौन-सी कहानी देखी थी?





