Saryu Kamala Express Train: भारत और नेपाल के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक नई पहल की गई है। अयोध्या को नेपाल के जनकपुर से जोड़ने वाली नई ट्रेन सेवा 'सरयू-कमला एक्सप्रेस' का सोमवार को शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। अधिकारियों के मुताबिक, यह ट्रेन सेवा 28 नवंबर 2026 से यात्रियों के लिए शुरू होगी।
इस ट्रेन के शुरू होने से भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा। अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच करीब 604 किलोमीटर की दूरी यह ट्रेन लगभग 19 घंटे में तय करेगी। यह सेवा सप्ताह में एक दिन उपलब्ध रहेगी।
अयोध्या और जनकपुर को जोड़ने वाली इस रेल सेवा को अवध और मिथिला के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे दोनों क्षेत्रों के लिए उपहार बताते हुए राम भक्तों को हृदय से बधाई दी है। इस रेल सेवा से अयोध्या और जनकपुर जाने वाले श्रद्धालुओं को सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही रामायण से जुड़े दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच यात्रियों की आवाजाही भी आसान होगी।
अधिकारियों के अनुसार, 17 कोच वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार को शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होगी और मंगलवार दोपहर 12:40 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन प्रत्येक शनिवार को दोपहर 1:10 बजे जनकपुर धाम से प्रस्थान करेगी और रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या पहुंचेगी। इस तरह दोनों तरफ की यात्रा में लगभग 19 घंटे का समय लगेगा।
सरयू-कमला एक्सप्रेस अपने सफर के दौरान उत्तर प्रदेश और बिहार के कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इसके निर्धारित ठहराव में मानकपुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, मधुबनी और जयनगर शामिल हैं। इसके अलावा ट्रेन अयोध्या कैंट और जनकपुर धाम को भी जोड़ेगी।
सरयू-कमला एक्सप्रेस में कुल 17 एलएचबी (लिंक हॉफमैन बुश) कोच होंगे। इस ट्रेन में एक साथ करीब 1,158 यात्री सफर कर सकेंगे। ट्रेन में आठ एसी कोच, सात स्लीपर कोच, एक सीटिंग कोच और एक पावर कोच की व्यवस्था बताई गई है। एसी श्रेणी में दो एसी टू-टियर कोच होंगे, जिनमें प्रत्येक में 52 बर्थ उपलब्ध होंगी।
इसके अलावा तीन एसी थ्री-टियर कोच में प्रत्येक में 72 बर्थ और तीन एसी थ्री-टियर इकोनॉमी कोच में प्रत्येक में 80 बर्थ होंगी। सात स्लीपर कोच में प्रत्येक में 80 बर्थ की व्यवस्था होगी। वहीं, लगेज-कम-सीटिंग कोच में 38 सीटें उपलब्ध रहेंगी।
सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुरू होने से भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। यह ट्रेन भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर को सीधे रेल मार्ग से जोड़ेगी। इससे दोनों देशों के श्रद्धालुओं को यात्रा में सुविधा मिलेगी और अवध तथा मिथिला की साझा सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर भी मिलेगा।





