DELHI : जेडीयू के बाहुबली नेता आनंद मोहन की तमाम उम्र जेल में गुजरेगी. गोपालगंज के तत्कालीन डीएम और IAS अधिकारी जी. कृष्णैया की हत्या के मामले में सुप्रीम कोर्ट से उन्हें सबसे बड़ा झटका लग गया है. सुप्रीम कोर्ट ने उम्र कैद की सजा वाले आनंद मोहन की रिहाई को गलत करार देते हुए उन्हें फिर से जेल भेजने का फैसला सुनाया है. सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस दीपंकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की बेंच ने आज ये बड़ा फैसला सुनाया है. कोर्ट ने उन्हें एक महीने में सरेंडर करने का आदेश दिया है.
बता दें कि आनंद मोहन की पत्नी लवली आनंद जेडीयू की सांसद हैं तो बेटे चेतन आनंद जेडीयू के ही विधायक हैं. डीएम हत्याकांड में सजायाफ्ता आनंद मोहन की रिहाई के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका पर सुनवाई करीब चार महीने पहले ही पूरी हो चुकी थी और कोर्ट की बेंच ने फैसला रिजर्व कर रखा था. आज कोर्ट ने अपना फैसला सुनाया.
साढे तीन साल पहले आनंद मोहन की हुई थी रिहाई
बता दें कि गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी और IAS अधिकारी जी. कृष्णैया की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे आनंद मोहन को 27 अप्रैल 2023 को सहरसा जेल से रिहा कर दिया गया था। उनकी रिहाई के पीछे बिहार सरकार की तत्कालीन नीतीश सरकार की ओर से जेल मैनुअल में किया गया संशोधन सबसे अहम वजह बना। सरकार ने नियम में बदलाव कर ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारी की हत्या के दोषियों को समय से पहले रिहाई का रास्ता खोल दिया था।
पूर्व डीएम की पत्नी ने लगाई थी कोर्ट से गुहार
इस फैसले को लेकर जी. कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था. उन्होंने कोर्ट से कहा कि एक आईएएस अधिकारी की हत्या के मामले में आनंद मोहन को उम्रकैद हुई थी. ऐसे मामले में किसी दोषी को समय से पहले रिहाई का प्रावधान नहीं थी. लेकिन राज्य सरकार ने ऐसे अपराध की श्रेणी को सामान्य मामला बनाकर आनंद मोहन की रिहाई का रास्ता तैयार किया गया।
आनंद मोहन की रिहाई का मामला बिहार ही नहीं बल्कि पूर देश की राजनीति के साथ-साथ न्यायिक और प्रशासनिक तंत्र में भी बहस का विषय बन गया था. लोगों के एक बड़े तबके ने तत्कालीन नीतीश सरकार के फैसले पर बेहद गंभीर सवाल उठाये थे. लेकिन सत्ता में बैठे लोगों को आनंद मोहन की रिहाई से राजनीतिक फायदा नजर आ रहा था.
1994 में हुई थी IAS अधिकारी जी. कृष्णैया की हत्या
जी. कृष्णैया 1985 बैच के IAS अधिकारी थे और बिहार के गोपालगंज जिले के जिलाधिकारी के पद पर तैनात थे. 5 दिसंबर 1994 को मुजफ्फरपुर में गैंगस्टर छोटन शुक्ला की हत्या के बाद उसकी शवयात्रा निकाली जा रही थी. इसी दौरान जी. कृष्णैया की सरकारी गाड़ी उस रास्ते से गुजरी.
आरोप के मुताबिक, शवयात्रा में शामिल भीड़ ने उनकी गाड़ी को घेर लिया. जी. कृष्णैया को गाड़ी से बाहर निकालकर पीट-पीट कर मार डाला गया. इस मामले में आनंद मोहन पर भीड़ को उकसाने का आरोप लगा। लंबी सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें दोषी करार दिया।
पहले मिली फांसी की सजा, फिर उम्रकैद में बदली
जी. कृष्णैया हत्याकांड में निचली अदालत ने अक्टूबर 2007 में आनंद मोहन को फांसी की सजा सुनाई थी. हालांकि, दिसंबर 2008 में पटना हाईकोर्ट ने मृत्युदंड को उम्रकैद में बदल दिया था. उसके बाद आनंद मोहन जेल में सजा काट रहे थे.करीब 15 साल से अधिक समय जेल में बिताने के बाद अप्रैल 2023 में उनकी रिहाई हुई. लेकिन इस रिहाई के पीछे की कानूनी प्रक्रिया और जेल मैनुअल में किए गए बदलाव को लेकर विवाद खड़ा हो गया.
जेल मैनुअल में पांच शब्द हटाकर बदला गया नियम
आनंद मोहन की रिहाई का सबसे अहम पहलू बिहार सरकार का 10 अप्रैल 2023 का फैसला था। इस दिन राज्य सरकार ने बिहार जेल मैनुअल, 2012 के नियम 481(1)(a) में संशोधन किया. दरअसल, पुराने नियम में कुछ श्रेणियों के गंभीर अपराधों में दोषी कैदियों को सामान्य समयपूर्व रिहाई की छूट नहीं मिलती थी. इनमें ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारी की हत्या का मामला भी शामिल था। नियम में अंग्रेजी के पांच शब्द "a civil servant on duty" शामिल थे.
बिहार सरकार ने संशोधन के जरिए इन पांच शब्दों को हटा दिया. इसके बाद सरकारी कर्मचारी की ड्यूटी के दौरान हत्या के दोषियों को भी समयपूर्व रिहाई के लिए विचार किए जाने का रास्ता मिल गया. इस बदलाव को आनंद मोहन की रिहाई से जोड़कर देखा गया, क्योंकि जी. कृष्णैया की हत्या के मामले में उन्हें दोषी ठहराया गया था.
14 साल की वास्तविक सजा और 20 साल की सजा का प्रावधान
बिहार सरकार के संशोधन के बाद 14 साल की वास्तविक कैद पूरी कर चुके उम्रकैद के दोषियों को समयपूर्व रिहाई के लिए पात्र मानने का रास्ता खुला. इसके अलावा रिमिशन यानी सजा में मिली छूट को जोड़कर 20 साल की अवधि पूरी करने वाले कैदियों पर भी विचार किया जा सकता था.20 अप्रैल 2023 को राज्य सजा माफी परिषद की बैठक हुई. परिषद की अनुशंसा के बाद 24 अप्रैल को बिहार सरकार के कानून विभाग ने 27 कैदियों की रिहाई का आदेश जारी किया. इस सूची में आनंद मोहन का नाम 11वें नंबर पर था.आनंद मोहन उस समय अपने बेटे चेतन आनंद की सगाई में शामिल होने के लिए पैरोल पर बाहर थे. 26 अप्रैल को वे सहरसा जेल लौटे और 27 अप्रैल की सुबह करीब तीन बजे उन्हें रिहा कर दिया गया.
जी. कृष्णैया की पत्नी ने सुप्रीम कोर्ट में दी चुनौती
आनंद मोहन की रिहाई के बाद जी. कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की. उन्होंने बिहार सरकार के 10 अप्रैल 2023 के संशोधन और आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई, दोनों को चुनौती दी. याचिका में दलील दी गई कि सरकार ने रिहाई का रास्ता खोलने के लिए जेल मैनुअल में बदलाव किया. साथ ही, रिहाई पर विचार करते समय कैदी के जेल में व्यवहार और उसके आपराधिक इतिहास जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं की अनदेखी की गई.
8 मई 2023 को सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार और संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया. 19 मई 2023 को अदालत ने बिहार सरकार से आनंद मोहन की रिहाई से संबंधित मूल दस्तावेज और उनके आपराधिक इतिहास का रिकॉर्ड पेश करने का निर्देश दिया.
जुलाई 2026 में सुप्रीम कोर्ट ने फैसला रखा सुरक्षित
आनंद मोहन की रिहाई को चुनौती देने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई जारी रही. 16 जुलाई 2026 को न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति शील नागू की पीठ ने सुनवाई पूरी करने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था.सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने इस बात पर चिंता जताई कि ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारी की हत्या जैसे गंभीर अपराध को दुर्लभतम श्रेणी का अपराध नहीं मानने से गलत संदेश जा सकता है. अदालत ने आनंद मोहन से जुड़े लंबित आपराधिक मामलों और रिहाई के लिए विचार के दौरान उनके विवरण सामने रखे जाने के तरीके पर भी सवाल उठाए.
राजनीतिक विवाद भी बना था रिहाई का बड़ा मुद्दा
आनंद मोहन की रिहाई के समय बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली महागठबंधन सरकार सत्ता में थी. जेल मैनुअल में संशोधन के बाद विपक्ष ने सरकार पर राजनीतिक लाभ के लिए नियम बदलने का आरोप लगाया था.





