Bihar Crime News: वैशाली से इस वक्त की बड़ी खबर है जमीन विवाद में हत्या के फरार आरोपियों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। सदर थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव में चार फरार आरोपियों के घर पुलिस ने कुर्की-जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माण पर बुलडोजर भी चलाया गया। एसडीपीओ गोपाल मंडल के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
दरअसल, 26 जून को भूमि विवाद को लेकर आमोद राम की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। हमले में उनकी चाची भी घायल हुई थीं। मृतक के बेटे विकास कुमार के बयान पर पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी।पुलिस के मुताबिक, एक आरोपी पहले ही जेल जा चुका है, जबकि चार आरोपी अब भी फरार हैं।
पुलिस लगातार उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी। फरार आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से 11 जुलाई को वारंट और 29 जुलाई को इश्तिहार जारी हुआ। इसके बावजूद आरोपी सरेंडर नहीं हुए। इसके बाद कोर्ट से कुर्की वारंट जारी होने पर पुलिस ने उनके घरों पर कार्रवाई शुरू कर दी।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में घर के सामान की कुर्की-जब्ती की गई, वहीं अवैध निर्माण पर बुलडोजर भी चलाया गया। मौके पर एसडीपीओ गोपाल मंडल के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। आमोद राम हत्याकांड में फरार आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा अब लगातार कसता जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी तक कार्रवाई जारी रहेगी।





