Bihar Crime News: बिहार के शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र के बराही वार्ड नंबर-7 में करीब दो डिसमिल जमीन को लेकर चल रहा विवाद रविवार को बेहद गंभीर घटना में बदल गया। आरोप है कि विवाद के बाद विपक्षी पक्ष की एक महिला ने ढाई वर्षीय बच्ची पर ईंट से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची की इलाज के लिए मुजफ्फरपुर ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन शव को लेकर सीधे तरियानी थाना पहुंचे और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, बराही वार्ड नंबर-7 निवासी दीनबंधु कुमार का सुरेंद्र राय और नंदकिशोर राय के परिवार से करीब दो डिसमिल जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर दीनबंधु कुमार और उनकी पत्नी रिंकी कुमारी ने तरियानी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। परिजनों का आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद जब वे घर लौटे, तो विपक्षी पक्ष की महिला रेणु देवी ने बच्ची पर ईंट से हमला कर दिया। हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद परिजन बच्ची को आनन-फानन में शिवहर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया। परिजन बच्ची को लेकर मुजफ्फरपुर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत के बाद परिजन शव को लेकर वापस लौटे और तरियानी थाना पहुंचे।
तरियानी थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, शिवहर भेज दिया है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस जमीन विवाद से लेकर बच्ची पर हुए हमले तक सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मृतका के पिता दीनबंधु कुमार ने बताया कि करीब दो डिसमिल जमीन को लेकर सुरेंद्र राय और नंदकिशोर राय के परिवार से विवाद चल रहा था। उनका आरोप है कि इसी विवाद में बच्ची पर हमला किया गया। बच्ची की मां रिंकी कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
तरियानी थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता ने बताया कि जमीन विवाद की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी और स्थिति को शांत कराया गया था। इसके कुछ ही देर बाद बच्ची पर हमले की सूचना मिली। पुलिस के अनुसार, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एफएसएल टीम घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट- समीर कुमार झा, शिवहर





