SHEOHAR: शिवहर के सदर थाना क्षेत्र के श्रीपुर वार्ड नंबर-7 में सोमवार की शाम पुल के नीचे 60 वर्षीय अच्छेलाल राय का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने तंत्र मंत्र जादू-टोना के आरोप में मारपीट कर हत्या किए जाने की आशंका जताई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
मृतक की पहचान श्रीपुर वार्ड नंबर-7 निवासी अच्छेलाल राय के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार उनके सिर और शरीर पर चोट के निशान थे तथा गर्दन में गमछा लिपटा हुआ मिला. पीठ पर भी रॉड से मारने जैसे निशान होने की बात परिजनों ने कही है. मृतक की पत्नी पार्वती देवी ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 10 बजे कुछ लोग उनके पति को अपने साथ एक कथित भक्तिनी के पास ले गए थे. आरोप था कि उनके बेटे और परिवार पर जादू-टोना किया गया है.
दोपहर करीब तीन बजे उन्हें जानकारी मिली कि उनके पति के साथ मारपीट कर उन्हें कहीं फेंक दिया गया है. मृतक के दामाद बच्चू यादव ने आरोप लगाया कि अच्छेलाल राय को चारपहिया वाहन से चिमनी के पास ले जाया गया था. परिजनों को आशंका है कि जादू-टोना के आरोप को लेकर ही उनके साथ मारपीट की गई और बाद में शव को पुल के नीचे फेंक दिया गया.
बताया जाता है कि कुछ दिन पूर्व स्थानीय सुबोध साह की पत्नी ने अच्छेलाल राय पर अभद्र व्यवहार करने और परिवार पर जादू-टोना करने का आरोप लगाया था. महिला ने अपने पति को इसकी जानकारी दी थी. इसके बाद विवाद बढ़ने की बात सामने आई है. इधर मंगलवार को एसपी शैलेंद्र सिंह ने कार्यालय कक्ष में प्रेस वार्ता कर बताया कि मृतक की पत्नी पार्वती देवी के बयान पर दस लोगों के खिलाफ मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया गया है.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुबोध साह, भिखारी साह, रौशन कुमार एवं प्रीतम कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. मृतक अपने पीछे चार बेटे और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। उनके तीन बेटे बाहर रहकर काम करते हैं, जबकि सबसे छोटा बेटा नाबालिग है और घर पर रहता है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ अनुशील कुमार, नगर थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
शिवहर से समीर कुमार झा की रिपोर्ट





