Bihar Crime News: मुंगेर के बरियारपुर में मोबाइल दुकानदारों से व्हाट्सएप कॉल के जरिए पांच-पांच लाख रुपये रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि एक आरोपित के कहने पर दूसरे ने दुकानदारों को फोन कर रंगदारी मांगी थी। दोनों गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
दरअसल, मामला बरियारपुर थाना क्षेत्र का है, जहां मोबाइल दुकानदारों को व्हाट्सएप कॉल के जरिए धमकी देकर रंगदारी मांगी गई थी। ब्रह्मस्थान निवासी संतोष कुमार से 13 नवंबर को पांच लाख रुपये की मांग की गई, जबकि गणेशपुर मुसहरी निवासी कन्हैया कुमार साह से 19 नवंबर को पांच लाख रुपये रंगदारी मांगी गई थी।
रंगदारी की धमकी मिलने के बाद दोनों दुकानदारों ने पुलिस से शिकायत की थी, जिसके बाद इलाके के व्यवसायियों में दहशत का माहौल बन गया था। मामले की जांच में जुटी बरियारपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पैरू मंडल टोला निवासी मिथुन कुमार और विजयनगर के अंतीराम टोला निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, सुनील कुमार के कहने पर मिथुन कुमार ने अपने मोबाइल नंबर से दोनों दुकानदारों को फोन कर पांच-पांच लाख रुपये रंगदारी मांगी थी। संतोष कुमार को 13 नवंबर के बाद 19 नवंबर को भी दोबारा फोन किया गया था, लेकिन भयभीत दुकानदार ने दूसरी बार फोन नहीं उठाया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपितों के खिलाफ हत्या, लूट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में मुंगेर न्यायालय भेज दिया है।फिलहाल पुलिस ने रंगदारी मांगने के मामले में दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया है। वहीं, इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने व्यवसायियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया है।





