Bihar News: मद्य निषेध विभाग ने एक भ्रष्ट दारोगा को सेवा से बर्खास्त कर दिया है. आरोपी दारोगा शराब सेवन करने वालों से जबरन वसूली करता था. बजाप्ता एक गैंग तैयार कर रखा था. आरोपी दारोगा सरकारी गाड़ी का दुरूपयोग करता था. खुलासे के बाद थाने में मुकदमा दर्ज हुआ, आरोपी जेल भेजा गया. अब विभाग ने भ्रष्ट दारोगा को सेवा से डिसमिस कर दिया है.
नवादा में अवर निरीक्षक के पद पर पदस्थापित नीतीश कुमार के खिलाफ गंभीर आरोप लगे. आरोप था कि 11 अगस्त 2025 को शराब पीने के जुर्म में गिरफ्तार अभियुक्त से जबरन अवैध राशि लेकर छोड़ा. साथ ही गैंग बनाकर सरकारी गाड़ी से वसूली करता था. इस आरोप में नीतीश कुमार के खिलाफ अनुशासनिक कार्यवाही संचालित की गई थी.
बता दें, पीड़ित नीतीश कुमार ने नवादा के गोविंदपुर थाने में आरोपी दारोगा नीतीश कुमार के खिलाफ शराब पीने की जुर्म में जेल भेजने की धमकी देने, पॉकेट से जबरन 14000 रुपया छीनने, ऑनलाइन माध्यम से 34000 रू लेकर छोड़ने की शिकायत की थी. इस मामले में गोविंदपुर थाने में 14 अगस्त 2025 को केस दर्ज किया गया था. इसके बाद आरोपी दारोगा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.
विभागीय कार्यवाही में दरोगा नीतीश कुमार के खिलाफ सभी आरोप प्रमाणित पाए गए. इसके बाद उत्पाद आयुक्त दिव्या शक्ति ने आरोपी दारोगा को सेवा से बर्खास्त कर दिया है. मद्य निषेध विभाग ने माना है कि दरोगा नीतीश कुमार के कृत्य से विभाग की छवि धूमिल हुई है. ऐसे में यह सेवा में रहने के योग्य नहीं .





