Bihar NEET Scam: बिहार में नीट यूजी परीक्षा धांधली मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) को एक और बड़ी सफलता मिली है। ईओयू ने फर्जी अभ्यर्थियों को परीक्षा में बैठाने और फिंगरप्रिंट सत्यापन में हेराफेरी करने के आरोप में संतोष कुमार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी वैशाली जिले के नगर थाना क्षेत्र के कटरा का रहने वाला है। वह बायोमेट्रिक कर्मी के रूप में काम करता था और मूल परीक्षार्थियों की जगह स्कॉलर को परीक्षा में बैठाने में मदद करता था।
ईओयू के अनुसार, इस फर्जीवाड़े के लिए प्रति अभ्यर्थी 12 लाख से 30 लाख रुपये तक वसूले जाते थे। गिरफ्तारी के बाद संतोष कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जांच में सामने आया है कि संतोष कुमार मूल अभ्यर्थियों की जगह फर्जी परीक्षार्थियों को बैठाने के लिए बायोमेट्रिक डाटा मैच कराने से लेकर परीक्षा के दिन फिंगरप्रिंट सत्यापन में हेराफेरी करता था। परीक्षा फॉर्म भरने के दौरान ही मूल अभ्यर्थी और स्कॉलर के बीच सेटिंग कर ली जाती थी।
इसके बाद कुछ अधिकृत आधार एजेंटों और कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) संचालकों की मदद से मूल अभ्यर्थी के स्थान पर स्कॉलर का बायोमेट्रिक डाटा अपडेट कराया जाता था। फोटो मिक्सिंग के जरिए पहचान में भी बदलाव किया जाता था, ताकि परीक्षा केंद्र पर सत्यापन के दौरान फर्जीवाड़ा पकड़ में न आए।
ईओयू के अनुसार, इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए महावीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस, पावापुरी के डॉ. रविशंकर उर्फ सम्राट ने पूछताछ में संतोष कुमार समेत अन्य लोगों की संलिप्तता का खुलासा किया था। उसने बताया था कि गिरोह के सदस्य मूल अभ्यर्थियों की जगह स्कॉलर बैठाने का काम करते थे।
जांच में लखीसराय, हाजीपुर, नवादा और नालंदा के बायोमेट्रिक वेंडरों की भूमिका भी सामने आई है। इसके अलावा नीट काउंसिलिंग के दौरान नामांकन के लिए फर्जी आय, दिव्यांगता और जाति प्रमाणपत्र बनवाने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
ईओयू के अनुसार, नीट परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर नालंदा के गिरियक (पावापुरी) थाना में 3 मई को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वहीं, 21 जून को आयोजित नीट की पुनर्परीक्षा में अनियमितता को लेकर लखीसराय के कवैया थाना में दो और किउल थाना में एक मामला दर्ज हुआ था।
शुरुआत में इन चारों मामलों की जांच संबंधित जिला पुलिस कर रही थी, जिसे बाद में आर्थिक अपराध इकाई को सौंप दिया गया। इस मामले में डॉ. रविशंकर उर्फ सम्राट, डॉ. उज्ज्वल राज और अश्विनी कुमार पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अब संतोष कुमार की गिरफ्तारी के बाद ईओयू गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों और बायोमेट्रिक वेंडरों की भूमिका की जांच कर रही है।





