Bihar Police Vehicle Accident: रोहतास जिले के सासाराम में शुक्रवार शाम एक पुलिस वाहन की टक्कर से बड़ा हादसा हो गया. प्रभाकर मोड़ के पास अनियंत्रित पुलिस वाहन ने दो बाइक और एक कार को अपनी चपेट में ले लिया. इस दुर्घटना में कार चालक समेत तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसे के बाद पुलिस वाहन का चालक मौके से फरार हो गया. घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर पुलिस के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार शाम प्रभाकर मोड़ के पास अचानक पुलिस वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से गुजर रही दो बाइक और एक कार में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घायलों की मदद के लिए पहुंच गए.
घायलों में बक्सर जिले के इंदौर गांव निवासी रेयाज अली की पहचान हुई है. स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल कार चालक को तत्काल सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है. वहीं, अन्य दो घायलों को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस वाहन के चालक पर शराब के नशे में गाड़ी चलाने का आरोप लगाया है. हालांकि, पुलिस वाहन का चालक दुर्घटना के समय नशे में था या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. जांच के बाद ही इस आरोप की सच्चाई सामने आ सकेगी. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में शामिल पुलिस वाहन बिक्रमगंज थाने का बताया जा रहा है. हादसे के बाद चालक के मौके से फरार होने की भी बात सामने आई है.
पुलिस वाहन से हुए हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया. लोग मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे थे. सड़क जाम होने से फजलगंज से पोस्ट ऑफिस चौराहे तक वाहनों की लंबी कतार लग गई और आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
घटना की सूचना मिलने पर सासाराम नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया. हालांकि, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे. करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम हटवाया. इसके बाद सड़क पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ.





