Bihar Crime News: भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के चारवानी गांव स्थित बगीचे में बुधवार की रात हथियारबंद बदमाशों ने शौच के लिए जा रहे एक युवक को गोली मार दी। गोली युवक के पेट के दाहिने हिस्से में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
उसे आनन-फानन में इलाज के लिए आरा शहर के धरहरा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, जख्मी युवक की पहचान जगदीशपुर थाना क्षेत्र के चारवानी गांव निवासी स्व. बालेश्वर मुसहर के 35 वर्षीय पुत्र सुरेश मुसहर के रूप में हुई है। वह पेशे से मजदूर है। बुधवार की रात वह शौच के लिए जा रहा था, तभी बगीचे में हथियारबंद बदमाशों ने उसे गोली मार दी।
वहीं पुलिस गोलीबारी की घटना के कारणों और गोली मारने वाले बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।





