Bihar Crime News: मुंगेर के जमालपुर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस अभी डकैती कांड का उद्भेदन भी नहीं कर सकी है, इसी बीच चोरों ने सीआईएसएफ जवान के बंद घर को निशाना बना लिया। छोटी केशोपुर नालापार स्थित दलपूज्जी काली मंदिर के पास टोरिल मंडल स्कूल के समीप हुई इस घटना में चोरों ने करीब दो लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, चोरी की यह घटना जमालपुर थाना क्षेत्र के छोटी केशोपुर नालापार की है। छत्तीसगढ़ में तैनात सीआईएसएफ जवान राजीव कुमार के घर में उस समय चोरी हुई, जब उनकी मां मंजू देवी इलाज कराने के लिए पटना एम्स गई हुई थीं।
घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद बक्से और अलमारी के ताले तोड़कर घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, एक लैपटॉप, 15 हजार रुपये नकद समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।
जब मंजू देवी इलाज कराकर घर लौटीं, तो दरवाजे के ताले टूटे मिले। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद चोरी की जानकारी आसपास के लोगों को दी गई। स्थानीय लोग और सामाजिक कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे तथा जमालपुर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
वहीं, इस मामले में जमालपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना मिली है। पीड़ित पक्ष की ओर से अभी आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





