WEST CHAMPARAN: पश्चिम चंपारण के मझौलिया थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-5 में घर के बाहर खेल रही दो वर्षीय बच्ची अनाया खातून के लापता होने के मामले ने तीसरे दिन सनसनीखेज मोड़ ले लिया। बच्ची का शव पड़ोसी के घर से बंद बोरे में बरामद किया गया। शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
अनाया खातून वार्ड संख्या-5 निवासी हसीब खान की दो वर्षीय बेटी थी। परिजनों के अनुसार, बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक गायब हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी बच्ची का पता नहीं चला तो परिजनों ने मझौलिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने बच्ची की तलाश के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए। इसी दौरान सामने आए एक फुटेज में एक महिला बच्ची को लेकर जाती हुई दिखाई दी। परिजनों ने फुटेज में नजर आ रही महिला की पहचान मझौलिया गांव निवासी अमरूल खान की पुत्री सबीना उर्फ सुमी खातून के रूप में किए जाने का दावा किया।
महिला समेत तीन लोगों से पूछताछ
पुलिस ने सबीना उर्फ सुमी खातून, उसकी मां और उसके बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस को बच्ची के शव के पड़ोसी के घर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने घर की तलाशी ली, जहां बंद बोरे में अनाया का शव बरामद हुआ।
बच्ची का शव मिलने की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों में घटना को लेकर आक्रोश है। स्थिति को देखते हुए थाने के मुख्य गेट को बंद कर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। बच्ची की मौत कैसे हुई, घटना के पीछे क्या कारण था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं, इन सभी बिंदुओं पर पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट





