1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 06, 2026, 1:03:19 PM
- फ़ोटो
Bihar Crime News: बिहार के मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर नगर परिषद क्षेत्र में रानी सती मंदिर को निशाना बनाकर चोरों ने चांदी के आभूषणों की चोरी कर ली। यह घटना बीती देर रात की बताई जा रही है। चोर मंदिर परिसर में घुसकर भगवान की प्रतिमाओं पर लगे चांदी के मुकुट, तीर-धनुष और छत्र लेकर फरार हो गए। चोरी किए गए आभूषणों का कुल वजन लगभग एक से सवा किलो है और इनकी कीमत तीन से चार लाख रुपये के बीच आंकी जा रही है।
मामला मारवाड़ी टोला स्थित रानी सती मंदिर परिसर का है। जानकारी के अनुसार चोरों ने मंदिर के साइड में बने दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया और राम-जानकी मंदिर में स्थापित भगवान राम, लक्ष्मण और माता जानकी की प्रतिमाओं पर लगे तीन चांदी के मुकुट, दो चांदी के तीर और दो धनुष चोरी कर लिए। इसके अलावा खाटू श्याम बाबा मंदिर से एक चांदी का छत्र और रानी सती दादी मंदिर से भी एक चांदी का छत्र चोर अपने साथ ले गए।
स्थानीय सौरभ कुमार सिंघानिया ने बताया कि शुक्रवार सुबह उन्हें फोन आया कि मंदिर का ताला टूटा हुआ है और मंदिर में चढ़ाए गए आभूषण गायब हैं। यह सुनते ही वे आनन-फानन में मंदिर पहुंचे और स्थिति देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मंदिर समिति के सदस्यों के अनुसार चोरी किए गए चांदी के आभूषणों का कुल वजन लगभग एक से सवा किलो है और कीमत तीन से चार लाख रुपये आंकी जा रही है। सूचना मिलते ही हवेली खड़गपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके और उन्हें जल्द पकड़ने में मदद मिल सके।
मंदिर समिति के सदस्य रौनक सिंघानिया ने स्थानीय स्वर्ण व्यवसायियों से अपील की है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति इस तरह के चांदी के आभूषण बेचने आए तो इसकी तुरंत सूचना मंदिर समिति या पुलिस को दी जाए।
इस घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मंदिर परिसर में जमा हो गई और इलाके में चिंता का माहौल पैदा हो गया है। पुलिस पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा चुकी है और चोरी की वारदात से संबंधित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।