Bihar Crime News: भोजपुर जिले के आरा में बॉडी मसाज की आड़ में संचालित अवैध देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने खुलासा किया है। नवादा थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर, करमन टोला स्थित एक पांच मंजिला मकान में चल रहे स्पा सेंटर पर पुलिस ने छापेमारी कर पश्चिम बंगाल की दो महिलाओं को मुक्त कराया है। वहीं, मौके से सेंटर की संचालिका को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब स्पा सेंटर के मालिक अमित कुमार समेत अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है।
इस मामले में गिरफ्तार संचालिका की पहचान पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के रामनगर स्थित पारा चक निवासी सजीदा अधिकारी उर्फ पाइक उर्फ नेहा के रूप में हुई है। बुधवार को भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पूरे मामले की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मानव व्यापार निरोध इकाई, भोजपुर को गुप्त सूचना मिली थी कि राजेंद्र नगर, करमन टोला, स्टेशन रोड स्थित पांच मंजिला मकान में संचालित स्पा सेंटर में बॉडी मसाज की आड़ में दूसरे राज्यों की महिलाओं से अवैध देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने दंडाधिकारी, दिशा एक प्रयास संस्था और महिला पुलिसकर्मियों के साथ एक विशेष टीम गठित की। इसके बाद स्पा सेंटर में छापेमारी की गई। पुलिस टीम ने सबसे पहले काउंटर पर बैठी संचालिका सजीदा अधिकारी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने खुद को सेंटर की संचालिका बताया और मालिक का नाम अमित कुमार बताया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटर के अंदर बने दो कमरों की तलाशी ली। वहां पश्चिम बंगाल की दो महिलाएं मिलीं। पूछताछ में दोनों महिलाओं ने बताया कि उनसे जबरन बॉडी मसाज कराया जाता था और देह व्यापार के लिए दबाव बनाया जाता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपितों पर पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों की महिलाओं को आरा में नौकरी और अच्छी कमाई का प्रलोभन देकर लाने तथा उनकी इच्छा के विरुद्ध अवैध देह व्यापार कराने का आरोप है। फिलहाल मुक्त कराई गई दोनों महिलाओं का बयान दर्ज कराया जा रहा है।
पुलिस की तलाशी के दौरान स्पा सेंटर से 410 पीस डिस्पोजल, हाफ पैंटी, तीन सीलबंद कंडोम और एक इस्तेमाल किया हुआ कंडोम बरामद किया गया। इसके अलावा एक रजिस्टर और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार संचालिका की तलाशी के दौरान उसकी जेब से पॉलिथीन में रखा इस्तेमाल किया हुआ कंडोम भी मिला। पूछताछ में उसने बताया कि सेंटर पर आने वाले पुरुष ग्राहकों की मांग के अनुसार बॉडी मसाज के साथ देह व्यापार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती थी।
जानकारी के अनुसार, स्पा सेंटर की गतिविधियों का पता लगाने के लिए पुलिस ने एक युवा दारोगा को ग्राहक बनाकर वहां भेजा था। ग्राहक के रूप में पहुंचकर उसने सेंटर की गतिविधियों की रेकी की और जानकारी का सत्यापन किया। इसके बाद पुलिस ने पूरी तैयारी के साथ छापेमारी कर अवैध धंधे का खुलासा किया। छापेमारी के दौरान पुलिस को स्पा सेंटर का रेट चार्ट भी मिला। इसमें पांच ब्यूटीफुल स्टाफ के साथ चार तरह के मसाज का जिक्र था, जिनकी कीमत 1200 से 2000 रुपये तक निर्धारित थी। वहीं, देह व्यापार की सुविधा के लिए अलग से शुल्क लिया जाता था।
इस मामले में मानव व्यापार निरोध इकाई के इंस्पेक्टर दीपक कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें स्पा सेंटर के मालिक अमित कुमार और संचालिका सजीदा अधिकारी उर्फ पाइक उर्फ नेहा को आरोपित बनाया गया है। छापेमारी टीम में इंस्पेक्टर दीपक कुमार, महिला दारोगा गुड़िया कुमारी, सुधीर कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे। फिलहाल पुलिस स्पा सेंटर के मालिक अमित कुमार और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।





