How To Fill TRE 4 Application Form: बिहार में TRE-4 शिक्षक भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है. मोबाइल या लैपटॉप और इंटरनेट की सुविधा होने पर अभ्यर्थी घर बैठे ही ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए साइबर कैफे जाने की जरूरत नहीं है.
आवेदन की प्रक्रिया शुरू करने से पहले अभ्यर्थियों को BPSC की वेबसाइट पर OTR यानी One Time Registration करना होगा. OTR पूरा होने के बाद यूजर आईडी और पासवर्ड मिलेगा, जिसकी मदद से अभ्यर्थी आगे TRE-4 के आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे.
OTR के बाद ऐसे भरें फॉर्म
OTR पूरा होने के बाद BPSC की वेबसाइट पर यूजर आईडी और पासवर्ड से लॉगिन करना होगा. इसके बाद TRE-4 भर्ती के आवेदन का विकल्प चुनकर मांगी गई जानकारी भरनी होगी.
आवेदन के दौरान अभ्यर्थी को अपनी व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और अन्य जरूरी विवरण दर्ज करने होंगे. इसके बाद अपनी योग्यता और पात्रता के अनुसार संबंधित कक्षा या पद का विकल्प चुनना होगा.
लाइव फोटो समेत पूरी करनी होगी प्रक्रिया
आवेदन के अंतिम चरण में लाइव फोटो समेत मांगी गई अन्य जानकारी और दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी करनी होगी. साइबर एक्सपर्ट सोनू कुमार के अनुसार, OTR पूरा होने के बाद सामान्य तौर पर आवेदन की प्रक्रिया में करीब 10 से 15 मिनट लग सकते हैं.
आवेदन शुल्क के तौर पर बिहार के अभ्यर्थियों के लिए 100 रुपये बताया गया है. वहीं, आधार कार्ड के माध्यम से जरूरी प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक के लिए 200 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना पड़ सकता है.
सबमिट करने से पहले जरूर जांच लें जानकारी
फॉर्म भरने के बाद उसे अंतिम रूप से सबमिट करने से पहले सभी जानकारी अच्छी तरह जांच लेना जरूरी है. नाम, जन्मतिथि, शैक्षणिक योग्यता, चुना गया पद और अपलोड किए गए दस्तावेजों में किसी तरह की गलती नहीं होनी चाहिए.
साइबर एक्सपर्ट सोनू कुमार ने बताया कि OTR के बाद TRE-4 का आवेदन बहुत जटिल नहीं है. जरूरी दस्तावेज और सही जानकारी पहले से तैयार रखकर अभ्यर्थी अपने मोबाइल या लैपटॉप से घर बैठे आवेदन कर सकते हैं.





