Bihar Post Matric Scholarship 2026: बिहार में पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने से चूक गए छात्र-छात्राओं के लिए राहत की खबर है. राज्य सरकार ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति पोर्टल को एक बार फिर खोलने का फैसला लिया है. इसके तहत अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), पिछड़ा वर्ग (BC) और अति पिछड़ा वर्ग (EBC) के विद्यार्थी 12 नवंबर से 30 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.
शिक्षा विभाग ने इस संबंध में जरूरी निर्देश जारी कर दिए हैं. पहले विभाग की ओर से इन वर्गों के छात्र-छात्राओं से 15 जुलाई से 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे. लेकिन कई विद्यार्थी तय समय सीमा के भीतर आवेदन नहीं कर सके थे. इसकी मुख्य वजह शिक्षण संस्थानों में देर से नामांकन और परीक्षा परिणाम जारी होने में देरी बताई गई है.
अब ऐसे विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ लेने के लिए एक और मौका दिया गया है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि इच्छुक छात्र-छात्राएं निर्धारित अवधि के भीतर अपना आवेदन पूरा कर लें.
इन छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत कर सकेंगे आवेदन
दोबारा खोले जा रहे पोर्टल पर अनुसूचित जाति प्रवेशिकोत्तर छात्रवृत्ति योजना, अनुसूचित जनजाति प्रवेशिकोत्तर छात्रवृत्ति योजना, मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति प्रवेशिकोत्तर छात्रवृत्ति योजना और मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग प्रवेशिकोत्तर छात्रवृत्ति योजना के तहत आवेदन स्वीकार किए जाएंगे.
यहां से करना होगा ऑनलाइन आवेदन
अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लिए https://scstpmsonline.bihar.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं. वहीं पिछड़ा वर्ग और अति पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए https://pmsonline.bihar.gov.in पोर्टल उपलब्ध रहेगा.
इसके अलावा संबंधित शिक्षण संस्थानों के लिए https://instpmsonline.bihar.gov.in पोर्टल की व्यवस्था की गई है.
30 नवंबर तक पूरा करना होगा आवेदन
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्राथमिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान) शुभम कसौधन ने बताया कि निर्धारित समय में आवेदन नहीं कर पाने वाले विद्यार्थियों को विभाग की ओर से दोबारा अवसर दिया गया है. उन्होंने छात्र-छात्राओं से 12 से 30 नवंबर के बीच आवेदन की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है.





