Success Story: यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में लगातार पांच बार असफल होने के बाद भी लखनऊ की दिशा द्विवेदी ने हार नहीं मानी. मां की खराब तबीयत और घर की जिम्मेदारियों के बीच उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी. परिवार का साथ और खुद पर भरोसा बनाए रखते हुए दिशा ने छठे प्रयास में यूपीएससी परीक्षा पास कर ली और 672वीं रैंक हासिल की. साल 2018 में शुरू हुआ उनका यह सफर कई चुनौतियों से गुजरने के बाद आखिरकार सफलता तक पहुंचा.
दिशा द्विवेदी ने नोएडा से बीटेक की पढ़ाई की है. कॉलेज में पढ़ाई के दौरान उनके कुछ दोस्तों ने उन्हें यूपीएससी की तैयारी करने की सलाह दी थी. इसके बाद दिशा ने सिविल सेवा परीक्षा और इसके जरिए मिलने वाले अवसरों के बारे में जानकारी जुटाई. उन्हें लगा कि उनकी रुचि और व्यक्तित्व के हिसाब से यह क्षेत्र बेहतर रहेगा. इसके बाद उन्होंने साल 2018 में यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी.
पांच बार असफल हुईं
यूपीएससी की तैयारी के दौरान दिशा को लगातार पांच प्रयासों में सफलता नहीं मिली. एक के बाद एक असफलता मिलने के बावजूद उन्होंने परीक्षा पास करने का अपना लक्ष्य नहीं छोड़ा. हर प्रयास के बाद उन्होंने तैयारी जारी रखी और छठे प्रयास में सफलता हासिल कर ली. इस बार दिशा ने 672वीं रैंक प्राप्त की. कई वर्षों की मेहनत के बाद मिली इस सफलता ने उनके संघर्ष को एक नई पहचान दी.
दिशा के पिता असिस्टेंट प्रोफेसर हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं. उनकी मां की तबीयत अक्सर खराब रहती थी. ऐसे में दिशा को अपनी पढ़ाई के साथ घर की जिम्मेदारियां और मां की देखभाल भी करनी पड़ती थी. यूपीएससी जैसी परीक्षा की तैयारी के बीच इन जिम्मेदारियों को निभाना उनके लिए आसान नहीं था. इसके बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई का सिलसिला जारी रखा.
घर का काम निपटाकर रोजाना 5 से 6 घंटे करती थीं पढ़ाई
दिशा ने बताया कि वह घर की जिम्मेदारियां पूरी करने के बाद रोजाना 5 से 6 घंटे पढ़ाई करती थीं. तैयारी के लिए उन्हें सीमित समय मिलता था, इसलिए वह उपलब्ध समय का पूरा इस्तेमाल करने की कोशिश करती थीं. मां की देखभाल और घर के कामों के बीच भी उन्होंने पढ़ाई को प्राथमिकता दी. इसी लगातार मेहनत का नतीजा रहा कि छठे प्रयास में उनका यूपीएससी पास करने का सपना पूरा हो गया.
पांच असफलताओं के बाद भी परिवार ने नहीं छोड़ा साथ
दिशा ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार के सहयोग को भी दिया है. उन्होंने बताया कि पांच बार परीक्षा में असफल होने के बाद भी घरवालों ने उन पर कोई दबाव नहीं बनाया. परिवार ने न तो उन्हें तैयारी छोड़ने के लिए कहा और न ही सफलता को लेकर किसी तरह का दबाव दिया. परिवार के इसी भरोसे ने उन्हें मुश्किल समय में भी आगे बढ़ने का हौसला दिया.





