PURNEA: पूर्णिया के जी. डी. गोयनका पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने सामाजिक संवेदनशीलता और सेवा भावना का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए कल्याणी वृद्धा आश्रम पहुंचकर वृद्धजनों के साथ समय बिताया। विद्यार्थियों ने खाद्य सामग्री वितरित करने के साथ गीत-संगीत, कविता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए बुजुर्गों के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास किया।
पूर्णिया के जी. डी. गोयनका पब्लिक स्कूल द्वारा एक भावनात्मक एवं प्रेरणादायक सामाजिक पहल के अंतर्गत कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को कल्याणी वृद्धा आश्रम ले जाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने हाथों से वृद्धजनों को खाद्य सामग्री प्रदान कर सेवा, सम्मान एवं संवेदनशीलता का परिचय दिया। विद्यालय में पूर्व से लगाए गए डोनेशन कैंप में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई तथा अपनी इच्छा एवं सामर्थ्य अनुसार दान सामग्री एकत्रित की। उन्हीं सामग्रियों को बच्चों ने वृद्धा आश्रम पहुँचकर वृद्धजनों को ससम्मान भेंट किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने वृद्धजनों के मनोरंजन हेतु गीत-संगीत, अंताक्षरी, “पासिंग द पिलो” खेल, कविता पाठ एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिसने वहाँ उपस्थित सभी लोगों के हृदय को स्पर्श कर लिया। बच्चों की मासूमियत, अपनापन एवं प्रेम देखकर वृद्धजन भाव-विभोर हो उठे। कई वृद्धजन बच्चों को गले लगाकर भावुक हो गए तथा उनकी आँखें नम हो गईं।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती पुलोमा नंदी जी, एडमिनिस्ट्रेटर श्री प्रीतम दास जी, सीनियर एकेडमिक कोऑर्डिनेटर श्री त्रिवेणी प्रसाद पांडेय जी के साथ-साथ विद्यालय के अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों के इस सेवा भाव एवं मानवीय संवेदनाओं की सराहना की।
समाज सेवा कल्याणी वृद्धाश्रम की ओर से श्री रवीन्द्र कुमार साह, श्री अरुण कुमार साह, श्री सुरेन्द्र कुमार साह एवं श्रीमती ममता सिंह कार्यक्रम में शामिल रहे। इन सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया तथा सेवा का अवसर देकर विद्यार्थियों को मानवीय मूल्यों से जुड़ने की प्रेरणा दी।
विद्यालय द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम केवल एक सामाजिक भ्रमण नहीं था, बल्कि विद्यार्थियों के भीतर करुणा, सहानुभूति, सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं बड़ों के प्रति सम्मान जैसे जीवन मूल्यों को विकसित करने का एक सार्थक प्रयास था। इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और उन्हें एक जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनने की प्रेरणा देती हैं। जी. डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, पूर्णिया सदैव शिक्षा के साथ-साथ नैतिक एवं सामाजिक मूल्यों के विकास हेतु प्रतिबद्ध रहा है। विद्यालय की इस पहल की सभी ने भूरी-भूरी प्रशंसा की।











