Bihar Librarian Exam Guidelines 2026: बिहार में विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा की तैयारी पूरी हो गई है. परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं. 23 नवंबर से 6 दिसंबर 2026 तक राज्यभर में कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में परीक्षा आयोजित की जाएगी. बोर्ड की ओर से अभ्यर्थियों के अंतिम प्रवेश पत्र भी जारी कर दिए गए हैं.
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को केंद्र पर जाने से पहले प्रवेश पत्र में दिए गए सभी निर्देशों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है. प्रवेश पत्र में परीक्षा की तारीख, समय, पाली और केंद्र की जानकारी दी गई है. बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश पत्र में दर्ज परीक्षा केंद्र और समय में बदलाव के किसी भी अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा.
परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन, कलाई घड़ी, पर्स, बैग या किसी भी तरह का इलेक्ट्रॉनिक सामान ले जाने की अनुमति नहीं होगी. इसके अलावा बायोमेट्रिक उपस्थिति की प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए हाथों पर मेहंदी, स्याही, रंग और नेल पॉलिश लगाने पर भी रोक लगाई गई है.
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर केवल अपना प्रवेश पत्र, मूल फोटो पहचान पत्र और बॉल पेन लेकर जाने की अनुमति होगी. परीक्षा शुरू होने से 10 मिनट पहले संबंधित सीट पर लॉग-इन आईडी और पासवर्ड उपलब्ध करा दिए जाएंगे. परीक्षा शुरू होने के बाद अभ्यर्थियों को केंद्र छोड़ने की अनुमति नहीं होगी.
विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा में कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे. प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा और परीक्षा पूरी करने के लिए 150 मिनट यानी ढाई घंटे का समय दिया जाएगा. अभ्यर्थियों के लिए राहत की बात यह है कि गलत उत्तर देने पर कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी.
अलग-अलग तारीखों और पालियों में परीक्षा आयोजित होने के कारण प्राप्त अंकों का सामान्यीकरण भी किया जाएगा. इससे अलग-अलग पालियों में परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के अंकों का मूल्यांकन निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जा सकेगा.
परीक्षा में सफल होने के लिए बिहार बोर्ड ने अलग-अलग श्रेणियों के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम अर्हता अंक तय किए हैं.
- सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 50 प्रतिशत अंक.
- पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 45.5 प्रतिशत अंक.
- अत्यंत पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 42.5 प्रतिशत अंक.
- अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए 40 प्रतिशत अंक.
- दिव्यांग और महिला अभ्यर्थियों के लिए 40 प्रतिशत अंक.
17 नवंबर को जारी हुआ था प्रवेश पत्र
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 17 नवंबर को परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों का अंतिम प्रवेश पत्र जारी कर दिया था. अभ्यर्थी अपनी आवेदन संख्या या यूजर आईडी और पासवर्ड की मदद से आधिकारिक पोर्टल पर लॉगिन कर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं.
बता दें कि पहले यह परीक्षा 22 नवंबर से शुरू होने वाली थी, लेकिन परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव करते हुए इसकी शुरुआत अब 23 नवंबर से करने का निर्णय लिया गया है. परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे प्रवेश पत्र का प्रिंटआउट पहले ही निकाल लें और निर्धारित समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचें.





