Bihar Bus Accident News: पश्चिमी चंपारण के मैनाटांड़ प्रखंड में मंगलवार सुबह यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. हादसा पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र के तिलंगही बहुअरवा गांव के समीप हुआ. दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई. हादसे में दो महिलाएं घायल हुई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.
जानकारी के अनुसार, बस मंगलवार सुबह पिड़ाडी से यात्रियों को लेकर बेतिया के लिए रवाना हुई थी. बस तिलंगही बहुअरवा गांव के समीप पहुंची थी, तभी अचानक वह अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई. बस के पलटते ही उसमें सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई.
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. ग्रामीणों ने बस में फंसे और सवार यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की. घटना की सूचना पुरुषोत्तमपुर थाना पुलिस को भी दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया.
दुर्घटना में दो महिलाएं घायल
हादसे में इनरवा थाना क्षेत्र के सकरौल गांव निवासी रामानंद साह की 60 वर्षीय पत्नी फुलपती देवी और पुरैनिया गांव निवासी शकिरजान मियां की 48 वर्षीय पत्नी सलमा निशा घायल हो गईं. दोनों महिलाओं को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया है.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में बस में सवार अन्य यात्रियों के हताहत होने की सूचना नहीं है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दुर्घटनाग्रस्त बस के संबंध में जानकारी जुटाई.
बस के अनियंत्रित होकर पलटने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है.





