Bihar Crime News: बिहार के वैशाली जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां ममेरी बहन से कथित प्रेम संबंध, शादी की जिद और आपत्तिजनक वीडियो के जरिए ब्लैकमेल के आरोपों के बीच एक युवक की हत्या कर दी गई. पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या की साजिश उसके ही मामा और अन्य लोगों ने मिलकर रची. मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है.
मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी निवासी नीतीश कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण नीतीश लंबे समय तक अपने मामा के घर रहता था. इसी दौरान उसकी ममेरी बहन कुमकुम से नजदीकियां बढ़ीं और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए. बताया जा रहा है कि दोनों लंबे समय से संपर्क में थे.
परिजनों को जब इस रिश्ते की जानकारी मिली तो युवती के पिता मनोज राय ने नीतीश को घर से निकाल दिया. इसके बाद नीतीश काम के सिलसिले में चेन्नई चला गया, लेकिन दोनों के बीच संपर्क बना रहा. आरोप है कि इस दौरान वह युवती पर शादी का दबाव बनाने लगा और व्हाट्सएप पर दोनों के कथित आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें भेजकर ब्लैकमेल भी करने लगा.
पुलिस जांच के मुताबिक, इसी विवाद के बाद युवती के पिता मनोज राय, उसके भाई लाल बाबू राय और अन्य लोगों ने नीतीश को रास्ते से हटाने की साजिश रची. जैसे ही नीतीश चेन्नई से अपने घर लौटा, आरोपियों ने उसे कथित तौर पर अगवा कर पटना ले गए. वहां दो दिनों तक उसे अपने कब्जे में रखा गया और समझाने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं बनी.
जांच में सामने आया है कि इसके बाद आरोपियों ने नीतीश को राघोपुर दियारा के जुराबनपुर थाना क्षेत्र के एक सुनसान इलाके में ले जाकर उसकी हत्या कर दी. पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद शव को पहचान छिपाने की नीयत से जलाने की भी कोशिश की गई. हालांकि शव पूरी तरह नहीं जल सका.
घटना के तीन दिन बाद 30 जून को ग्रामीणों ने जंगल में जला हुआ शव और एक कटा हुआ हाथ देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. इसी दौरान पुलिस को एक अज्ञात व्यक्ति से सूचना मिली कि शव नीतीश कुमार का हो सकता है और उसके शरीर पर टैटू बना हुआ है. जांच के दौरान पुलिस को शव पर टैटू मिला, जिससे उसकी पहचान की पुष्टि हुई.
मामले की जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने मृतक के मामा लाल बाबू राय को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में इस हत्याकांड में कुल छह लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है. पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.




