PATNA: उपेंद्र कुशवाहा ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 20, 21 और 22 अगस्त को राजगीर में पार्टी के तीन दिवसीय ‘विमर्श शिविर’ का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में पार्टी के विचारों, सुझावों और संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी छात्र और शिक्षा के मुद्दों को लेकर लगातार काम करती रही है। शिविर में शिक्षा सुधार को लेकर भी विस्तार से चर्चा होगी। इसके साथ ही संगठन के विस्तार को भी एक बड़ा मुद्दा बताते हुए इस पर रणनीति तैयार की जाएगी।
उपेंद्र कुशवाहा ने बताया कि पार्टी की ओर से सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, जिसके जरिए अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। पार्टी से नए लोगों को कैसे जोड़ा जाए और संगठन को मजबूत कैसे बनाया जाए, इस पर भी विमर्श होगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तीन दिवसीय शिविर में पार्टी से जुड़े सभी लोगों को नहीं बुलाया गया है। शिविर में केवल जिला अध्यक्षों और प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है।
वहीं, तेजस्वी यादव के राजभवन मार्च को लेकर पूछे गए सवाल पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, “तेजस्वी यादव विदेश से लौटे हैं और अभी फुर्सत में हैं, इसलिए मार्च कर रहे हैं।”





