Bihar Crime News: सीवान में रंगदारी की मांग पूरी नहीं होने पर एक ठेकेदार की हत्या की सुपारी देने का मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के प्रदेश महासचिव रहे असगर मियां उर्फ मस्तान को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, असगर मियां ने महाराजगंज थाना क्षेत्र के जिगरहंवा निवासी ठेकेदार मुकेश पांडेय से रंगदारी मांगी थी. मांग पूरी नहीं होने पर उसने ठेकेदार की हत्या के लिए दो बदमाशों को सुपारी दी थी.पुलिस का दावा है कि ठेकेदार की हत्या की तैयारी मंगलवार को ही थी, लेकिन उससे पहले पुलिस को इसकी भनक लग गई. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए असगर मियां को सोमवार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया.
रंगदारी नहीं दी तो हत्या की साजिश का आरोप
महाराजगंज थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि असगर मियां ने ठेकेदार मुकेश पांडेय से रंगदारी की मांग की थी. ठेकेदार की ओर से रंगदारी नहीं दिए जाने के बाद हत्या की साजिश रची गई और दो बदमाशों को वारदात को अंजाम देने की जिम्मेदारी दी गई.पुलिस का कहना है कि मंगलवार को ठेकेदार की हत्या की योजना थी. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने असगर मियां के घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में पुलिस के अनुसार उसने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
RLM से राजनीतिक कनेक्शन, अब हत्या की सुपारी के आरोप में गिरफ्तारी
इस मामले में गिरफ्तार असगर मियां उर्फ मस्तान की राजनीतिक पहचान भी सामने आ रही है. वह राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के प्रदेश महासचिव रह चुका है. पुलिस की कार्रवाई के बाद अब मामला अपराध के साथ राजनीतिक कनेक्शन को लेकर भी चर्चा में है.हालांकि, हत्या की सुपारी देने और रंगदारी मांगने से जुड़े आरोपों की पुष्टि पुलिस की जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया के आधार पर होगी. पुलिस ने इस मामले में असगर मियां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
पहले से दर्ज हैं तीन आपराधिक मामले
थानाध्यक्ष के मुताबिक, असगर मियां के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड और इस मामले में उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है.पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर उन दो बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है, जिन्हें ठेकेदार की हत्या की सुपारी दिए जाने का आरोप है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि रंगदारी की मांग और हत्या की कथित साजिश के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे.
झाड़-फूंक का भी करता है काम
पुलिस के अनुसार, असगर मियां अपने गांव में झाड़-फूंक का काम भी करता है. बताया गया है कि उसके घर पर सुबह से शाम तक लोगों की भीड़ लगी रहती है. इसी बीच ठेकेदार से रंगदारी और हत्या की कथित साजिश का मामला सामने आने के बाद इलाके में इसकी चर्चा तेज हो गई है.
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज चुकी है और सुपारी लेने वाले दोनों कथित बदमाशों की तलाश में छापेमारी कर रही है. पुलिस की जांच में यह साफ होने की उम्मीद है कि ठेकेदार से रंगदारी की मांग क्यों की गई थी और हत्या की कथित साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे.
सिवान से फैयाज अली की रिपोर्ट





