DESK: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार दौरे के बाद उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचेंगे। वैशाली जिले में कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का उद्घाटन करने के बाद पीएम मोदी शाम को लखनऊ के लिए रवाना होंगे। इस पुल का नाम बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखा गया है।
लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह-2026 में शामिल होंगे। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शाम 5:30 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इस दौरान प्रधानमंत्री 52 मेधावियों को सम्मानित करेंगे। समारोह में आईटीआई और औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्रों (आईटीसी) के प्रशिक्षुओं समेत कुल 4,461 युवा शामिल होंगे। उत्तर प्रदेश में पहली बार कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार शाम करीब पांच बजे विशेष विमान से चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। इसके बाद वह कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शाम करीब 7:30 बजे पीएम मोदी दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर लखनऊ में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शुक्रवार दोपहर एयरपोर्ट से लेकर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान तक प्रधानमंत्री के काफिले का कई बार रिहर्सल किया गया। एयरपोर्ट, कार्यक्रम स्थल, शहीद पथ और शहर के प्रमुख मार्गों पर 4,400 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था की कमान आठ पुलिस उपायुक्त स्तर के अधिकारियों के हाथों में होगी। इसके अलावा 10 अपर पुलिस उपायुक्त, 34 सहायक पुलिस आयुक्त, 114 इंस्पेक्टर, 946 दरोगा, 108 महिला दरोगा, 1,967 मुख्य आरक्षी और आरक्षी तथा 432 महिला मुख्य आरक्षी और आरक्षियों की तैनाती की गई है।




