Bihar News: सासाराम में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) महिला बटालियन परिसर में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया. सरकारी गाड़ी धोने के दौरान करंट की चपेट में आने से चालक हवलदार की मौत हो गई. घटना के बाद बटालियन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
मृतक की पहचान कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के भव पोखर गांव निवासी लाल साहब सिंह के रूप में हुई है. वह बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस महिला बटालियन, सासाराम में चालक हवलदार के पद पर कार्यरत थे.
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह लाल साहब सिंह महिला बटालियन परिसर में अपनी सरकारी गाड़ी धो रहे थे. इसी दौरान गाड़ी की सफाई के दौरान बिजली के मोटर से प्रवाहित करंट की चपेट में आ गए. करंट लगते ही वह मौके पर गिर पड़े.
घटना के बाद परिसर में मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल ले जाने की कोशिश की. आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
हादसे की जानकारी मिलने के बाद बटालियन के अधिकारियों और सहकर्मियों में भी शोक का माहौल है. घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है. परिजनों के पहुंचने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मौत की वजह बिजली के मोटर से लगे करंट को बताया जा रहा है. पुलिस और संबंधित अधिकारियों की ओर से घटना की जांच की जा रही है.





