SARAN:जिस घर में कुछ सेकंड पहले तक हंसी-खुशी की बातें हो रही थीं, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों को क्या पता था कि वीडियो कॉल पर हंसते-मुस्कुराते बात करने वाला उनका सबसे छोटा बेटा अब कभी घर नहीं लौटेगा। खबर आई कि देश की सरहद की रक्षा करते हुए बीएसएफ जवान देवानंद मांझी शहीद हो गए हैं।
आखिरी बातचीत बनी जिंदगी भर की याद
सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र अंतर्गत कटसा गांव निवासी देवानंद मांझी करीब चार वर्ष पहले सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में भर्ती हुए थे। देश सेवा का जज्बा लेकर वर्दी पहनने वाले देवानंद फिलहाल जम्मू-कश्मीर में तैनात थे।
परिवार के अनुसार, शहादत की खबर आने से कुछ ही सेकंड पहले देवानंद ने वीडियो कॉल के जरिए घरवालों से बातचीत की थी। बातचीत के दौरान वह बिल्कुल सामान्य थे। हंस रहे थे, मुस्कुरा रहे थे और परिवार के लोगों का हालचाल पूछ रहे थे।
लेकिन इस बातचीत के कुछ ही देर बाद आई खबर ने पूरे परिवार की दुनिया उजाड़ दी। जिस बेटे और भाई से कुछ पल पहले बात हुई थी, उसके शहीद होने की खबर पर परिवार को पहले विश्वास ही नहीं हुआ। जब इस दुखद सूचना की पुष्टि हुई, तो घर में मातम छा गया।
अब मोबाइल में कैद उस आखिरी वीडियो कॉल की मुस्कान परिवार के लिए जिंदगी भर की सबसे अनमोल याद बन गई है।
बहन की शादी के बाद खुद के सिर पर सेहरा सजाना चाहते थे देवानंद
देवानंद मांझी के जीवन में भी कई सपने थे। परिवार में उनकी शादी की बातचीत चल रही थी। घर के लोग चाहते थे कि छोटे बेटे के सिर पर भी सेहरा सजे और घर में शहनाई बजे।
लेकिन देवानंद की प्राथमिकता कुछ और थी। वह अपनी शादी से पहले अपनी बहन की शादी करना चाहते थे। परिवार के अनुसार, वह अक्सर कहते थे कि पहले बहन की शादी कर दीजिए, उसके बाद मेरी शादी के बारे में सोचिएगा।
जिस भाई को अपनी बहन के हाथ पीले करने की चिंता थी, आज उसी भाई के घर लौटने का इंतजार परिवार कर रहा है। फर्क बस इतना है कि अब वह दूल्हा बनकर नहीं, बल्कि तिरंगे में लिपटकर अपने गांव लौटेगा।
दो भाई और दो बहनों में सबसे छोटे थे देवानंद
देवानंद मांझी दो भाई और दो बहनों वाले परिवार में सबसे छोटे थे। उनके पिता और बड़े भाई दोनों रेलवे में कार्यरत हैं। परिवार के सबसे छोटे सदस्य होने के कारण देवानंद से सभी का विशेष लगाव था।
करीब चार वर्ष पहले जब उन्होंने बीएसएफ की वर्दी पहनी थी, तब परिवार के लिए वह गर्व का क्षण रहा होगा। माता-पिता ने अपने बेटे को देश की सेवा के लिए समर्पित होते देखा था। आज वही वर्दी परिवार के लिए गर्व के साथ-साथ जिंदगी का सबसे बड़ा दुख भी बन गई है।
कटसा गांव में शोक की लहर
देवानंद मांझी की शहादत की खबर कटसा गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। गांव के लोग शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
जिस घर में कभी देवानंद की हंसी गूंजती थी, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। परिवार के लोग बार-बार उस आखिरी वीडियो कॉल को याद कर रहे हैं, जिसमें उनका बेटा हंसता-मुस्कुराता नजर आ रहा था।
एक तरफ देश अपने वीर जवान की शहादत पर गर्व कर रहा है, तो दूसरी तरफ एक मां की आंखें अपने बेटे की राह देख रही हैं। एक बहन अपने भाई को याद कर रही है, तो परिवार के लोग उस अधूरे सपने को याद कर रहे हैं, जिसमें देवानंद की शादी की शहनाई बजनी थी।
देवानंद मांझी ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी शहादत को पूरा देश नमन करता है।
सारण। रिपोर्ट
पवन कुमार सिंह





