Bihar Flood News: बिहार के सारण जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. बनियापुर में नदी में नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई. तीनों किशोर कोचिंग से लौटने के बाद नदी में नहाने गए थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे. परिजनों ने जब उनकी तलाश शुरू की तो नदी में उनके डूबने की जानकारी मिली. स्थानीय गोताखोरों की मदद से तीनों के शव बरामद किए गए. घटना के बाद पिपरा गांव में मातम पसरा हुआ है.
मामला सहाजितपुर थाना क्षेत्र के पिपरा गांव का है. मृतकों की पहचान दिव्यांशु कुमार, अंश कुमार और करीब 14 वर्षीय नौनीत कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि सोमवार शाम तीनों किशोर कोचिंग से लौटे थे. इसके बाद वे नदी में नहाने चले गए.
देर शाम तक जब तीनों घर नहीं पहुंचे तो परिजन परेशान हो गए और उनकी तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान नदी में तलाश की गई, जहां दिव्यांशु और अंश के शव बरामद कर लिए गए. इसके बाद तीसरे किशोर नौनीत कुमार की तलाश जारी रही.
नौनीत की तलाश में स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से नदी में रेस्क्यू अभियान चलाया गया. सोमवार देर रात तक उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका. मंगलवार सुबह करीब आठ बजे नौनीत का शव भी नदी से बरामद कर लिया गया.
घटना की सूचना मिलने के बाद सहाजितपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस की मौजूदगी में स्थानीय गोताखोरों ने नदी में तलाश अभियान चलाया. तीनों किशोरों के शव बरामद होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी.
एक साथ तीन किशोरों की मौत की खबर मिलते ही पिपरा गांव में मातम छा गया. हादसे की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.





