SAHARSA: बिहार के सहरसा जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 24 किलो गांजा के साथ बाइक सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र के मनोरी गांव के समीप की गई। पुलिस ने आरोपियों के पास से गांजा के अलावा पल्सर मोटरसाइकिल (BR34T1038) भी जब्त की है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक पल्सर बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस की नजर उन पर पड़ी। पुलिस को देखते ही बाइक सवार युवकों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को रोक लिया। इसके बाद बाइक पर रखे बैग की तलाशी ली गई, जिसमें करीब 24 किलो गांजा बरामद हुआ।
सोनवर्षा राज थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार युवकों की पहचान खगड़िया जिले के मारिया थाना क्षेत्र के अररिया गांव निवासी निर्मल कुमार और देवरी गांव निवासी जुगनू कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर गांजा और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
छापेमारी टीम में अपर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह, सब इंस्पेक्टर अवनीश कुमार और सुमन कुमार शामिल थे। दंडाधिकारी सैयद बादशाह की मौजूदगी में बरामद गांजे के पैकेटों की जांच और वजन किया गया।





