SITAMARHI: बिहार के सीतामढ़ी जिले में निगरानी (विजिलेंस) की टीम ने रिश्वतखोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान पिंटू के रूप में हुई है, जो एक चौकीदार का पुत्र बताया जा रहा है। मामले में डुमरा थाना में तैनात दरोगा मुकुंद झा पर भी रिश्वत मांगने का आरोप लगा है।
जानकारी के मुताबिक, केस से नाम हटाने के एवज में रिश्वत की मांग की गई थी। आरोप है कि दरोगा मुकुंद झा ने चौकीदार के बेटे पिंटू के माध्यम से पैसे मांगे थे। शिकायतकर्ता सोनू कुमार चंद्रवंशी के अनुसार, शुरुआत में 25 हजार रुपये की मांग की गई थी। बाद में 10 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।
इसके बाद सोनू कुमार चंद्रवंशी ने मामले की शिकायत विजिलेंस से की। शिकायत मिलने पर निगरानी विभाग की टीम ने जाल बिछाया। बुधवार को कार्रवाई करते हुए टीम ने 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पिंटू को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल, विजिलेंस की टीम मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। दरोगा मुकुंद झा की भूमिका और रिश्वत मांगने के आरोपों की भी जांच की जा रही है।





