Bihar Farmer Scheme: बिहार में किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए राज्य सरकार क्लस्टर आधारित बागवानी खेती को बढ़ावा दे रही है. इसके तहत किसानों को ड्रैगन फ्रूट की खेती करने पर प्रति एकड़ 2 लाख रुपये तक अनुदान दिया जाएगा. वहीं, अन्य चयनित उद्यानिकी और सुगंधित फसलों की खेती के लिए प्रति एकड़ एक लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता मिलेगी. चौथे कृषि रोड मैप के तहत ‘गांव की बागवानी, हमारे गौरव की कहानी’ पहल के जरिए इस योजना का संचालन किया जा रहा है.
कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने बताया कि सरकार किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ फल और सुगंधित पौधों की खेती के लिए प्रोत्साहित कर रही है. इसके तहत अमरूद, नींबू, एप्पल बेर, बेल, कटहल, आंवला, अनार, पपीता और ड्रैगन फ्रूट जैसी फसलों को योजना में शामिल किया गया है.
कृषि मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में पपीते की खेती के लिए 40 हेक्टेयर का लक्ष्य रखा गया था. वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 में आंवला की खेती के लिए 50 हेक्टेयर, एप्पल बेर के लिए 30 हेक्टेयर, अमरूद के लिए 190 हेक्टेयर, नींबू के लिए 210 हेक्टेयर और अनार के लिए 10 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
ड्रैगन फ्रूट की खेती पर मिलेंगे 2 लाख रुपये
योजना के तहत चयनित उद्यानिकी और सुगंधित फसलों की खेती करने वाले किसानों को प्रति एकड़ एक लाख रुपये तक अनुदान मिलेगा. वहीं, ड्रैगन फ्रूट की खेती करने पर प्रति एकड़ दो लाख रुपये तक की सहायता दी जाएगी. अनुदान की राशि दो किस्तों में 65:35 के अनुपात में किसानों को उपलब्ध कराई जाएगी.
किसान इस योजना के तहत न्यूनतम 0.25 एकड़ से लेकर अधिकतम 10 एकड़ तक की जमीन पर खेती के लिए आवेदन कर सकते हैं.
इस योजना की खास बात यह है कि इसका लाभ केवल अपनी जमीन पर खेती करने वाले किसानों तक सीमित नहीं रहेगा. गैर-रैयत यानी बटाईदार किसानों को भी योजना में शामिल किया गया है. पपीते की खेती के लिए भूमि संबंधी एकरारनामा प्रस्तुत करने पर बटाईदार किसान भी अनुदान का लाभ ले सकेंगे.
इसके अलावा, योजना में कम से कम 30 प्रतिशत महिला किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है.
31 दिसंबर 2026 तक कर सकते हैं आवेदन
कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने बताया कि इच्छुक किसान 31 दिसंबर 2026 तक कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए किसानों का डीबीटी पोर्टल पर पंजीकरण होना जरूरी है. आवेदन के दौरान सभी जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे. गलत जानकारी या दस्तावेजों में गड़बड़ी मिलने पर आवेदन रद्द किया जा सकता है.
योजना का लाभ लेने के लिए क्लस्टर का न्यूनतम रकबा 0.25 एकड़ होना जरूरी है. साथ ही लगाए गए पौधों में कम से कम 75 प्रतिशत पौधों का जीवित रहना अनिवार्य होगा. सरकार का मानना है कि क्लस्टर आधारित खेती से किसानों को बेहतर उत्पादन और गुणवत्तापूर्ण उपज मिलेगी. इसके साथ ही फसलों की मार्केटिंग आसान होगी और ग्रामीण इलाकों में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें कृषि उद्यमी के रूप में विकसित करने के विजन को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार काम कर रही है. किसानों से अपील की गई है कि वे क्लस्टर आधारित बागवानी को अपनाकर इस योजना का लाभ उठाएं.





