Yash Maheshwari FIR: छठ पूजा और बिहार की महिलाओं को लेकर अश्लील टिप्पणी करना यूट्यूबर और स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी को भारी पड़ गया है. मामले को लेकर पटना साइबर थाने में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में बिहार की महिलाओं के सिंदूर को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी के बाद लोगों में नाराजगी थी. विवाद बढ़ने के बाद अब यश माहेश्वरी ने वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है.
पटना साइबर थाना पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली थी कि यूट्यूब चैनल @Almostyash पर बिहार की महिलाओं के प्रति अभद्र टिप्पणी और गाली-गलौज वाला कंटेंट प्रसारित किया गया है. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने 24 नवंबर को कांड संख्या 1550/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की.
पुलिस की ओर से जारी आधिकारिक सूचना में बताया गया है कि इस तरह की टिप्पणियों से सामाजिक सौहार्द बिगड़ने और विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य पैदा होने की आशंका थी. मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(1), 79, 351 और 352 के साथ आईटी एक्ट की धारा 66(C) और 66(D) के तहत केस दर्ज किया गया है. फिलहाल साइबर पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
वीडियो जारी कर यश माहेश्वरी ने मांगी माफी
विवाद बढ़ने और सोशल मीडिया पर लगातार विरोध होने के बाद यश माहेश्वरी ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो जारी कर माफी मांगी है. उन्होंने स्वीकार किया कि बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं और छठ पूजा को लेकर इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी.
माफीनामे में उन्होंने कहा कि उनका किसी की धार्मिक भावनाओं या छठ पर्व मनाने वाले लोगों को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था. हालांकि, उन्होंने माना कि इस तरह का मजाक करना उनकी गलती थी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह इस घटना से सीख लेंगे और भविष्य में ऐसी टिप्पणी करने से बचेंगे. साथ ही अपनी बातों से आहत हुए लोगों से दोबारा माफी मांगी.
क्या था पूरा मामला
दरअसल, यश माहेश्वरी के स्टैंडअप शो ‘Morally Questionable’ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इस वीडियो में उन्होंने छठ पूजा के दौरान बिहार की विवाहित महिलाओं की मांग में लगाए जाने वाले लंबे सिंदूर को लेकर अश्लील मजाक किया था. वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इसे बिहार की महिलाओं का अपमान और छठ पर्व की धार्मिक परंपरा के प्रति अनादर बताया.
इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर विरोध शुरू हो गया. कई लोगों ने कॉमेडियन के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई. भाजपा नेता और सामाजिक कार्यकर्ता ऋतु जायसवाल ने भी उनकी टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई थी. मामला बढ़ने के बाद पटना साइबर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.





