Bihar News: पूर्वी चंपारण में खाद की किल्लत के बीच अवैध भंडारण और कथित कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मोतिहारी के बंजरिया थाना क्षेत्र स्थित तरुण खाद बीज भंडार के गोदाम में छापेमारी कर 13,372 बोरी यूरिया खाद जब्त की गई है। कार्रवाई के बाद प्रशासन ने गोदाम को सील कर दिया।
बताया जा रहा है कि जिले में किसान खाद की कमी का सामना कर रहे हैं। इसी बीच खाद के अवैध भंडारण और उसे कथित तौर पर अधिक कीमत पर बेचने की शिकायतें प्रशासन को मिल रही थीं। मीडिया रिपोर्टों के माध्यम से भी जिला प्रशासन को इसकी जानकारी मिली थी।
शिकायतों के बाद प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने तरुण खाद बीज भंडार के गोदाम में छापेमारी की। जांच के दौरान गोदाम में बड़ी मात्रा में यूरिया खाद का कथित अवैध भंडारण मिलने पर 13,372 बोरी खाद जब्त कर ली गई और गोदाम को सील कर दिया गया।
प्रशासन की कार्रवाई के बाद गोदाम संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और खाद के अवैध भंडारण एवं कथित कालाबाजारी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
कार्रवाई के बाद खाद की कथित कालाबाजारी और तस्करी से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में किसानों तक खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने और अवैध भंडारण पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी





