PATNA: बिहार बीजेपी के भीष्म पितामह कहे जाने वाले स्व. कैलाशपति मिश्र के नाम पर बक्सर में पुस्तकालय बनाया जायेगा. स्व. कैलाशपति मिश्र की पुण्यतिथि के मौके पर बिहार सरकार ने ये फैसला लिया है। शिक्षा विभाग के सचिव ने इस संबंध में पत्र जारी किया है. शिक्षा विभाग ने बक्सर के जिलाधिकारी को पत्र भेजकर पुस्तकालय निर्माण के लिए जमीन चिह्नित करने और उसका प्रस्ताव सरकार के पास भेजने का निर्देश दिया है।
यह पहल कैलाशपति मिश्र चेतना परिषद की ओर से शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी को दिए गए मांग पत्र के बाद हुई है। परिषद के संरक्षक और पत्रकार शशि भूषण कुमार ने शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर बक्सर में स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र की स्मृति में पुस्तकालय बनवाने का आग्रह किया था।
शिक्षा मंत्री को सौंपा गया था मांग पत्र
कैलाशपति मिश्र चेतना परिषद की ओर से दिए गए पत्र में कहा गया था कि बिहार बीजेपी के दिग्गज, राज्य के पूर्व वित्त मंत्री और गुजरात के पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र की जन्मभूमि बक्सर जिला है। बक्सर की धरती को प्रभु श्रीराम की शिक्षा भूमि बताते हुए पत्र में कहा गया कि यहां प्रतिभाओं की कमी नहीं है। ऐसे में स्वर्गीय मिश्र की स्मृति में पुस्तकालय का निर्माण कराया जाना चाहिए, ताकि युवा वर्ग को इसका लाभ मिल सके। परिषद के संरक्षक शशि भूषण कुमार ने शिक्षा मंत्री से इस दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए उचित निर्णय लेने का अनुरोध किया था।
शिक्षा विभाग ने DM बक्सर को लिखा पत्र
मांग पत्र के बाद बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने 3 नवंबर 2026 को बक्सर के जिलाधिकारी को पत्र जारी किया है। शिक्षा विभाग के सचिव की ओर से भेजे गए इस पत्र में स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र के नाम पर बक्सर में पुस्तकालय निर्माण का प्रस्ताव आगे बढ़ाने के लिए जमीन चिह्नित करने को कहा गया है।
पत्र में बक्सर स्थित एस.पी. विद्या मंदिर, सिविल लाइन के समीप विद्यालय परिसर में उपलब्ध खाली जमीन का निरीक्षण कराने और पुस्तकालय निर्माण के लिए उपयुक्त जमीन चिह्नित करने का निर्देश दिया गया है।
विभाग ने जिलाधिकारी से चिह्नित भूमि का रकबा, खाता, खेसरा, चौहद्दी और जमीन की वर्तमान स्थिति से संबंधित विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने को कहा है। साथ ही भूमि की अनापत्ति और उपलब्धता से संबंधित प्रतिवेदन के साथ जमीन का प्रस्ताव शीघ्र शिक्षा विभाग को भेजने का अनुरोध किया गया है, ताकि विभागीय स्तर पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
जमीन मिलने के बाद आगे बढ़ेगी प्रक्रिया
शिक्षा विभाग के पत्र से स्पष्ट है कि फिलहाल पुस्तकालय निर्माण की प्रक्रिया भूमि की पहचान और प्रस्ताव तैयार करने के चरण में है। जिलाधिकारी की ओर से जमीन का विवरण और उपलब्धता की जानकारी दिये जाने के बाद विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई होगी।
कैलाशपति मिश्र की स्मृति में पुस्तकालय निर्माण की यह पहल बक्सर में शिक्षा और अध्ययन के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है। अब सबकी नजर जिला प्रशासन की ओर से जमीन चिह्नित कर प्रस्ताव भेजने की कार्रवाई पर है।





