BUXAR: बिहार के गौरव एवं प्रख्यात राजनेता गुजरात के पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र की स्मृति में बक्सर में पुस्तकालय का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने पहल शुरू कर दी है।
शिक्षा विभाग के सचिव ने बक्सर के जिला पदाधिकारी को पत्र लिखकर पुस्तकालय निर्माण के लिए उपयुक्त जमीन चिह्नित करने का निर्देश दिया है। पत्र में बक्सर के सिविल लाइन स्थित एसपी विद्या मंदिर के समीप विद्यालय परिसर में उपलब्ध खाली जमीन का स्थलीय निरीक्षण कराने को कहा गया है।
शिक्षा विभाग ने जिला प्रशासन से जमीन का रकबा, खाता, खेसरा, चौहद्दी और वर्तमान स्थिति से संबंधित विस्तृत जानकारी मांगी है। इसके साथ ही जमीन की उपलब्धता और अनापत्ति प्रमाण पत्र से जुड़ा प्रतिवेदन भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
शिक्षा विभाग ने जल्द से जल्द भूमि का प्रस्ताव भेजने को कहा है, ताकि कैलाशपति मिश्र के नाम पर पुस्तकालय निर्माण की दिशा में विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की जा सके।
इस पहल का उद्देश्य स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र की स्मृतियों को संजोना और उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है।





