Bihar Special Train Update: दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पूजा के दौरान बिहार आने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है. त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने फिरोजपुर और पूर्णिया के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. इस ट्रेन के परिचालन से पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई शहरों के यात्रियों को घर आने-जाने में सुविधा मिलेगी.
रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 04634 फिरोजपुर-पूर्णिया स्पेशल ट्रेन 8 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को फिरोजपुर से चलेगी. ट्रेन शाम 5:30 बजे फिरोजपुर से रवाना होगी और निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन रात 8:56 बजे शाहपुर पटोरी पहुंचेगी. यहां ट्रेन का दो मिनट का ठहराव होगा और रात 8:58 बजे यह बरौनी के लिए रवाना होगी.
शाहपुर पटोरी के बाद ट्रेन बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी, नवगछिया और कटिहार होते हुए अगले दिन सुबह करीब 3 बजे पूर्णिया जंक्शन पहुंचेगी.
वापसी में गाड़ी संख्या 04633 पूर्णिया-फिरोजपुर स्पेशल ट्रेन 10 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी. ट्रेन पूर्णिया जंक्शन से सुबह 6 बजे रवाना होगी और निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए फिरोजपुर पहुंचेगी.
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
फिरोजपुर-पूर्णिया स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में मकऊ, लोहियां खास, नकोदर, फिल्लौर, ढंढारी कलां, चंडीगढ़, अंबाला कैंट, यमुनानगर-जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, शाहपुर पटोरी, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी, नवगछिया और कटिहार स्टेशनों पर रुकेगी.
शाहपुर पटोरी स्टेशन पर ठहराव होने से समस्तीपुर जिले के पटोरी अनुमंडल और आसपास के यात्रियों को खास फायदा मिलेगा. पंजाब और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग शहरों में रहने वाले लोग इस ट्रेन से त्योहारों के दौरान बिहार अपने घर आसानी से पहुंच सकेंगे.
त्योहारों के मौसम में ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं. फिरोजपुर-पूर्णिया स्पेशल भी इसी व्यवस्था का हिस्सा है, जिससे बिहार आने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सेवा उपलब्ध होगी.





