Patna Protest News: बिहार की राजधानी पटना में वोट चोरी के मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहे प्रदर्शन के दौरान जेपी गोलंबर पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पुलिस वैन में बैठाना शुरू किया. इसी दौरान एक प्रदर्शनकारी पुलिस वैन की चाबी लेकर फरार हो गया. इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी चाबी की तलाश में जुट गए.
जानकारी के अनुसार, जेपी गोलंबर पर प्रदर्शन कर रहे लोगों को पुलिस ने पकड़कर वैन में बैठाया था. पुलिसकर्मी जब वैन लेकर आगे बढ़ने की तैयारी कर रहे थे, तभी एक प्रदर्शनकारी ने कथित तौर पर वैन की चाबी निकाल ली और वहां से भाग गया. चाबी गायब होने के बाद वैन के चालक और अन्य पुलिसकर्मी परेशान हो गए. चालक प्रदर्शनकारियों के बीच चाबी तलाशने लगा.
प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर जिस वज्र वाहन में बैठाया गया था, उसमें मौजूद अभ्यर्थियों को गर्मी के कारण परेशानी होने लगी. उन्हें दूसरे वाहन से डिटेंशन सेंटर पहुंचाने के लिए पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
सवाल पूछने पर पत्रकारों से उलझे वैन चालक
घटनाक्रम के दौरान जब पत्रकारों ने पुलिस वैन के चालक से सवाल पूछे, तो वह उनसे उलझते हुए नजर आए. जेपी गोलंबर पर हुए इस घटनाक्रम के बीच पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक हलचल बनी रही.





