PATNA: इस वक्त की बड़ी खबर पटना से आ रही है, लोक आस्था का महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। पटना सिटी के दीदारगंज थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव के पास पुनपुन नदी घाट पर नहाने के दौरान तीन किशोर गहरे पानी में डूब गए।
तीनों की उम्र 14 से 16 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हादसे के बाद छठ घाट पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम तीनों की तलाश में जुटी है। लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गये। इस घटना के बाद परिजनों के बीच कोहराम मच गया। परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जाता है कि मिर्जापुर गांव में छठ पूजा को लेकर घाट की साफ-सफाई और सजावट का काम चल रहा था। रविवार को संध्या अर्घ्य से पहले तीनों किशोर भी घाट पर पहुंचे और नदी में नहाने लगे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने किशोरों को बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।
तीसरे की नहीं हुई पहचान
नदी में डूबे किशोरों की पहचान विजय कुमार शर्मा के 15 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार, सुधीर कुमार शर्मा के 16 वर्षीय आदित्य कुमार के रूप में हुई है। दोनों मिर्जापुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। जबकि तीसरे बच्चे की पहचान नहीं हो पाई है।
गोताखोरों और NDRF की टीम चला रही तलाश अभियान
घटना की सूचना मिलते ही दीदारगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद सर्च अभियान शुरू किया गया। स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारा गया। इसके साथ ही एनडीआरएफ की टीम भी किशोरों की तलाश में जुट गई है।
जिस मिर्जापुर गांव में सुबह से छठ पूजा की तैयारियां चल रही थीं, ठेकुआ बनाया जा रहा था और दउरा सजाया जा रहा था, वहां अब मातम पसरा है। संध्या अर्घ्य से पहले हुए इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल तीनों किशोरों की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है।





