शिवहर: बिहार के शिवहर जिले में छठ घाट की सजावट के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग करंट की चपेट में आकर झुलस गए। हादसे के बाद छठ पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं।
घटना शिवहर थाना क्षेत्र के सुगीया कटसरी गांव के राजपूत टोला, वार्ड नंबर-12 की है। जानकारी के मुताबिक, छठ घाट पर बांस के खंभे के सहारे झालर और पताका लगाने का काम चल रहा था। इसी दौरान बांस को ऊपर उठाते समय वह पास से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के संपर्क में आ गया। देखते ही देखते वहां मौजूद छह से सात लोग करंट की चपेट में आ गए।
इस हादसे में मंगल सहनी के 30 वर्षीय पुत्र विमलेश कुमार सहनी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घायल लोगों को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सरोजा सीताराम सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने विमलेश को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि विमलेश मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी माया देवी, तीन बेटियां और एक बेटा है। हादसे के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पूरे गांव में शोक की लहर है।
घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं समाजसेवी अनीश झा सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
छठ की तैयारी के बीच हुए इस हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।
शिवहर से समीर कुमार झा की रिपोर्ट





