PATNA: भारतीय क्रिकेटर ईशान किशन की कामयाबी के पीछे उनकी मेहनत के साथ-साथ छठी मैया के प्रति विश्वास की भी एक खास कहानी जुड़ी है। छठी मईया के आशीर्वाद से ही इशान किशन को इतनी बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। इसलिए इशान के माता-पिता मन्नत पूरी होने के बाद मिलकर लोक आस्था का महापर्व छठ करते हैं। परिवार में यह परंपरा अब भी जारी है।
ईशान की मां सुचित्रा सिंह ने बताया कि जब उनका बेटा अंडर-19 क्रिकेट खेल रहा था, उसी दौरान उनके पति ने ईशान के भारतीय टीम में चयन के लिए छठी मैया से मन्नत मांगी थी। खास बात यह थी कि उन्होंने अपनी इस मन्नत के बारे में पत्नी को भी नहीं बताया था। ईशान के भारतीय टीम में चयन के बाद उनके पिता ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर छठ पूजा की शुरुआत की और तभी से परिवार में यह परंपरा जारी है।
नवादा से शुरू हुई छठ पूजा की परंपरा
ईशान किशन की मां सुचित्रा सिंह का पैतृक घर नवादा में है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में पति के साथ वहीं छठ पूजा की जाती थी। करीब पांच साल तक नवादा में छठ करने के बाद अब पटना में इस परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है। छठ के मौके पर बेटा, बहू और बच्चों समेत पूरा परिवार एक साथ जुटता है और घर में उत्सव जैसा माहौल रहता है।
सास से मिली परंपरा, पति ने बढ़ाया हौसला
सुचित्रा सिंह के मुताबिक, उनकी सास लंबे समय से छठ पूजा करती थीं। उम्र बढ़ने के कारण जब उनके लिए यह कठिन व्रत करना मुश्किल हो गया, तो उनके पति ने इस परंपरा को आगे बढ़ाने की इच्छा जताई।
हालांकि, शुरुआत में सुचित्रा सिंह छठ के कठिन नियमों को लेकर थोड़ी आशंकित थीं। तब उनके पति ने उनका हौसला बढ़ाते हुए कहा कि वह सिर्फ पूजा की तैयारी करें, छठ वह खुद करेंगे। इसके बाद सुचित्रा सिंह ने भी साथ में व्रत करने का फैसला लिया और दोनों ने मिलकर छठ पूजा की शुरुआत की।
मैच के कारण छठ में शामिल नहीं हो पाते ईशान
ईशान किशन की मां बताती हैं कि क्रिकेट मैचों और व्यस्त कार्यक्रमों के कारण ईशान कई बार छठ पूजा में परिवार के साथ शामिल नहीं हो पाते हैं। हालांकि, एक बार वह नवादा में परिवार के साथ छठ पूजा में शामिल हुए थे।
ईशान किशन के परिवार के लिए छठ महापर्व सिर्फ धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि पारिवारिक परंपरा और संघर्ष के दिनों की यादों से भी जुड़ा है। बेटे के भारतीय टीम में चयन के लिए मांगी गई मन्नत पूरी होने के बाद इस पर्व के प्रति परिवार की आस्था और भी गहरी हो गई। करीब पांच साल तक नवादा में छठ करने के बाद अब पटना में इशान किशन की मां छठ कर रही हैं।





