PATNA: पटना के बाढ़ अनुमंडल से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है, जहां बेलगाम थार गाड़ी ने पांच लोगों को रौंद दिया जिससे मौके पर ही 4 की दर्दनाक मौत हो गयी। वही एक की हालत नाजुक बनी हुई है। जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए पटना ले जाया गया है। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। घटना बाढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-30ए स्थित जामुनीचक गांव के पास की है। बताया जाता है कि थार का चालक नशे की हालत में था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि घर में शौचालय नहीं रहने के कारण पांच लोग सड़क किनारे शौच करने जा रहे थे तभी तेज रफ्तार से आ रही थार ने एक-एक कर पांचों को रौंदते हुए निकल गया। इस दर्दनाक हादसे में दो महिला और दो बच्चियों की मौत हो गयी। एक साथ चारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना से गुस्साएं लोगों ने एनएच-30ए पर जमकर हंगामा मचाया और आगजनी की। जिससे यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया है।
जबकि एक लड़की बुरी तरह घायल हो गयी। आनन-फानन में इलाज के लिए उसे पटना ले जाया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।
बाढ़ से कुंदन किशोर की रिपोर्ट
हंगामा कर रहे लोगों का कहना है कि जमनीचक में एक अनियंत्रित थार ने एक ही परिवार के पांच लोगों को रौंद दिया है। 4 बच्चों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी है। जबकि पीएमसीएच ले जाने के क्रम में एक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद थार को लेकर ड्राइवर मौके से फरार हो गया है। गाड़ी का टूटा हुआ हिस्सा घटनास्थल पर मिलने की बात भी कही जा रही है।





