WEST CHAMPARAN: बगहा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां रामनगर पुलिस ने अपहरण और फिरौती मांगने के सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है। बदमाशों ने 9 साल के मासूम का अपहरण कर परिजनों से 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। हालांकि, पुलिस की तत्परता से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही, छापेमारी के दौरान बाइक, मोबाइल फोन और देसी रिवॉल्वर भी बरामद की गई है।
मामला पश्चिम चंपारण जिले के रामनगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, बीते 14 अक्टूबर को सेरहवा देवराज स्थित मसान नदी पुल के पास कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो लोगों ने अब्दुल कैश अंसारी के 9 वर्षीय पुत्र शादिक अंसारी का अपहरण कर लिया। घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर रामनगर थाने में कांड संख्या 666/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान 17 और 18 अक्टूबर को आरोपियों ने फोन कर बच्चे की रिहाई के बदले 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी। फिरौती नहीं देने पर बच्चे को जान से मारने की धमकी भी दी गई। आरोपियों ने 18 अक्टूबर को फिरौती की रकम लेकर भितिहरवा आश्रम पहुंचने को कहा था, लेकिन वे वहां नहीं पहुंचे।
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रामनगर के नेपाली टोला में छापेमारी की और रामविलास पटेल के कमरे से अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मौके से मो. नेयाज और अफरीदा खातून को गिरफ्तार किया। वहीं, मामले में कथित रूप से सहयोग करने वाले मिक्की जायसवाल और बाइक मालिक नासीर अली को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से बाइक नंबर BR22AE8008, दो मोबाइल फोन, एक देसी रिवॉल्वर और दो कारतूस बरामद किए हैं। हथियार बरामदगी के मामले में आर्म्स एक्ट के तहत अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। सबसे राहत की बात यह है कि अपहरण किए गए 9 वर्षीय बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया है।





