ब्रेकिंग
पुलिस को देखते ही भगने लगा अपाची सवार युवक, तलाशी ली तो उड़ गए होश...✦‘2030 तक बिहार के किसी व्यक्ति को मजदूरी के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा’, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का ऐलान✦आठ दिन से लापता छात्र का गन्ने के खेत में मिला शव, हत्या की आशंका से इलाके में मची सनसनी✦दुर्गा मेला देखकर लौट रहे युवकों को अपराधियों ने बनाया निशाना, दो जगह लूटपाट और फायरिंग, दो घायल✦DRI और बिहार STF का एक्शन: तीन करोड़ की चरस जब्त, नेपाल से भारत पहुंची थी खेप; कई राज्यों में फैला नशे का सिंडिकेट✦पुलिस को देखते ही भगने लगा अपाची सवार युवक, तलाशी ली तो उड़ गए होश...✦‘2030 तक बिहार के किसी व्यक्ति को मजदूरी के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा’, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का ऐलान✦आठ दिन से लापता छात्र का गन्ने के खेत में मिला शव, हत्या की आशंका से इलाके में मची सनसनी✦दुर्गा मेला देखकर लौट रहे युवकों को अपराधियों ने बनाया निशाना, दो जगह लूटपाट और फायरिंग, दो घायल✦DRI और बिहार STF का एक्शन: तीन करोड़ की चरस जब्त, नेपाल से भारत पहुंची थी खेप; कई राज्यों में फैला नशे का सिंडिकेट

‘2030 तक बिहार के किसी व्यक्ति को मजदूरी के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा’, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का ऐलान

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि 2030 तक बिहार के लोगों को मजदूरी के लिए दूसरे राज्यों में जाने की मजबूरी नहीं होगी। तारापुर के कहुआ गांव में उन्होंने हर प्रखंड में स्टेडियम बनाने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की बात कही।

Bihar Politics
© Social media
Mukesh Srivastava
4 मिनट

Bihar Politics: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को साकार करने के लिए वह अपना पूरा जीवन समर्पित कर देंगे। उन्होंने लक्ष्य रखा है कि वर्ष 2030 तक बिहार का कोई भी व्यक्ति केवल मजदूरी करने के लिए दूसरे राज्य में जाने को मजबूर न हो। राज्य में ही लोगों को रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। हालांकि, बेहतर रोजगार, कारोबार या उच्च पदों के अवसर मिलने पर युवाओं के दूसरे राज्यों में जाने पर कोई रोक नहीं होगी।




मुख्यमंत्री सोमवार को नवरात्र की नवमी तिथि पर तारापुर विधानसभा क्षेत्र के संग्रामपुर प्रखंड अंतर्गत कहुआ गांव पहुंचे थे। यहां तारापुर क्षेत्र के पहले विधायक वासुकी राय के नाम पर स्थापित खेल मैदान में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में उन्होंने हिस्सा लिया।




मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने फुटबॉल टूर्नामेंट के विजेता और उपविजेता टीमों के कप्तानों को ट्रॉफी प्रदान की। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए तारापुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक प्रखंड में स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए अगले दो महीने के भीतर निर्माण कार्य शुरू करने की योजना है।




उन्होंने कहा कि वासुकी राय के नाम पर स्थापित खेल मैदान क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करेगा। खेल के विकास से ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी बेहतर मंच मिल सकेगा। मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में राज्य सरकार की ओर से किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले बिहार में महज 272 कॉलेज थे। उन्होंने दावा किया कि 15 जुलाई 2026 को राज्य में एक साथ 211 डिग्री कॉलेज शुरू किए गए।




उन्होंने बताया कि राज्यभर में 700 मॉडल स्कूल सह सरस्वती विद्या निकेतन भी शुरू किए गए हैं। इन स्कूलों में विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कक्षाओं की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी विशेषज्ञों से ऑनलाइन मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे और उन्हें तैयारी के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर संसाधन मिलेंगे।




ग्रामीणों के अनुसार, कहुआ गांव में वर्ष 1962 से हर साल फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष प्रतियोगिता में आठ टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबला टीटीसी मानिकपुर और पाटम की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें टीटीसी मानिकपुर की टीम विजेता बनी, जबकि पाटम की टीम उपविजेता रही।




मुख्यमंत्री की मौजूदगी में आयोजित फाइनल मुकाबले को लेकर स्थानीय खिलाड़ियों और ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया गया।



कहुआ गांव में कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री संग्रामपुर प्रखंड के बद्रीविशाल सहित अन्य पूजा पंडालों और दुर्गा मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और बिहार के विकास, सुख-समृद्धि तथा राज्य के लोगों की खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने रोजगार, शिक्षा और खेल के विकास को बिहार की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए राज्य को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने के संकल्प को दोहराया।

रिपोर्टिंग
F

रिपोर्टर

FIRST BIHAR

FirstBihar संवाददाता