Patna Road Repair : राजधानी पटना की जर्जर सड़कों से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। जिले की 11 महत्वपूर्ण सड़कों की मरम्मत का रास्ता साफ हो गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत इन सड़कों के जीर्णोद्धार पर कुल एक करोड़ 61 लाख 28 हजार 405 रुपये खर्च किए जाएंगे। पथ निर्माण विभाग की ओर से इन सड़कों की साधारण मरम्मत कराई जाएगी, जिससे यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार सभी कार्यों की निगरानी पटना सिटी प्रमंडल द्वारा की जाएगी। योजना के तहत पांच सड़कों का मरम्मत कार्य 30 दिनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है, जबकि बाकी छह सड़कों का कार्य 15 दिनों में समाप्त किया जाएगा।
सबसे प्रमुख कार्य एनएच-30 फोरलेन से पुनाडीह-बैरिया वाया रानीपुर पैज्जावा पथ पर कराया जाएगा। इस सड़क की कुल 6.10 किलोमीटर लंबाई में दो चरणों में मरम्मत होगी। पहले भाग पर 14.68 लाख रुपये और दूसरे भाग पर 14.48 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। लंबे समय से खराब स्थिति में रहने के कारण इस मार्ग पर लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
इसके अलावा पटना-गया राज्य मार्ग (एसएच-01) पर एलाहीबाग से डंपिंग यार्ड तक सड़क मरम्मत का काम भी शुरू होगा। यह कार्य दो भागों में किया जाएगा और कुल 4.75 किलोमीटर सड़क की मरम्मत की जाएगी। इस योजना के पहले हिस्से पर 14.11 लाख रुपये तथा दूसरे हिस्से पर 14.54 लाख रुपये की लागत आने का अनुमान है।
एनएच-30 बाइपास से मरचा-मार्च पथ तक, जो रानीपुर चकिया होकर गुजरता है, वहां भी साधारण मरम्मत कार्य कराया जाएगा। करीब 2.50 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर 14.64 लाख रुपये खर्च होंगे। यह मार्ग स्थानीय लोगों के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जाता है और इसकी मरम्मत से आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम हो जाएगा।
इसी क्रम में कंसारी-डुमरी-राजघाट पथ, जो एसएच-78 के अवशेष हिस्से में आता है, उसके विभिन्न भागों में तीन चरणों में मरम्मत का कार्य किया जाएगा। इन तीनों चरणों पर क्रमशः 14.95 लाख, 14.94 लाख और 14.93 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। विभाग का कहना है कि सड़क की वर्तमान स्थिति को देखते हुए यहां तत्काल मरम्मत आवश्यक थी।
देवकुली क्षेत्र में सादिकपुर-पवेड़ा-मसौढ़ी पथ से जैतित्या, गबासपुर, सतौली-बिंदौली होते हुए बीबीपुर तक जाने वाली सड़क पर भी मरम्मत कार्य होगा। इस योजना पर करीब 14.86 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। ग्रामीण इलाकों को जोड़ने वाली यह सड़क खराब होने से लोगों को काफी दिक्कत हो रही थी।
इसके अलावा जगनपुरा-चिपरा पथ और बिस्कोमान गोलंबर से विकास कॉलोनी पथ पर भी साधारण मरम्मत कार्य कराया जाएगा। इन कार्यों के लिए लगभग 14.13 लाख रुपये की राशि निर्धारित की गई है। विभाग ने इन छह कार्यों को 15 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
पथ निर्माण विभाग का कहना है कि सभी सड़कों की मरम्मत समयबद्ध तरीके से कराई जाएगी। कार्य पूरा होने के बाद लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी, साथ ही ट्रैफिक दबाव भी कम होगा। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि लंबे समय से खराब पड़ी सड़कों की मरम्मत से रोजमर्रा की यात्रा आसान और सुरक्षित हो जाएगी।





