ARWAL: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवक के रूप में 25 वर्षों के गौरवशाली एवं प्रेरणादायी सफर के उपलक्ष्य में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति कलश यात्रा में शामिल होने अरवल पहुंचे केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय का कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
अरवल में विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति कलश यात्रा में शामिल होने आये केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद ने सेवा ज्योति कलश यात्रा की स्थापना के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में सेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण को अपने जीवन का ध्येय बनाया है। उनके नेतृत्व में भारत आज आत्मविश्वास के साथ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है और दुनिया में भारत का गौरव एवं प्रभाव निरंतर बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि करोड़ों देशवासियों का विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सबसे बड़ी शक्ति है। यही जनविश्वास विकसित भारत के संकल्प को निरंतर मजबूती प्रदान कर रहा है। प्रधानमंत्री ने देश के विकास को जनभागीदारी से जोड़ते हुए हर नागरिक को राष्ट्रनिर्माण का सहभागी बनाया है।
नित्यानंद राय ने कहा कि विकसित भारत केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का सामूहिक संकल्प है। आत्मनिर्भरता, आधुनिकता, सुशासन, सामाजिक न्याय और जनकल्याण के क्षेत्र में देश जिस गति से आगे बढ़ रहा है, वह नए भारत की मजबूत नींव का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है, गरीबों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है और गांव, गरीब, किसान, युवा एवं महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का निरंतर प्रयास हो रहा है।
उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति कलश यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। यह ज्योति हमें सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
नित्यानंद राय ने आह्वान किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक अपनी भूमिका निभाए। हम सब मिलकर एक सशक्त, समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित भारत का निर्माण करेंगे।
उक्त कार्यक्रम में अरवल के विधायक मनोज कुमार, अगियांव के विधायक महेश पासवान उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र तिवारी, संचालन संजीव कुमार ने किया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता पीयूष शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष अजय पासवान, राधाकांत शर्मा, रामविनय शर्मा, सुनीता सिंह, मुन्नी चंद्रवंशी, रामाशीष दास ,नितिश पासवान, अमृत राज उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व आमजन उपस्थित रहे।






