Police Attack: बिहार के नवादा में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. पिछले 48 घंटे के भीतर सरकारी कार्रवाई करने पहुंची टीम पर हमले की दूसरी घटना सामने आई है. मंगलवार को बालू माफियाओं ने खनन विभाग की टीम को निशाना बनाया था, वहीं बुधवार को वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के सोधीपुर गांव में साइबर ठगी के आरोपितों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया. इस घटना में एसआई रंजन कुमार समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए.
घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए पावापुरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है. लगातार दो दिनों में सरकारी टीमों पर हुए हमले से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है.
साइबर ठगी के आरोपितों की तलाश में पहुंची थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, साइबर थाना की पुलिस टीम साइबर ठगी के एक मामले में आरोपितों की तलाश में वारिसलीगंज के सोधीपुर गांव पहुंची थी. टीम गांव में छापेमारी कर रही थी. इसी दौरान अचानक पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर हमला कर दिया गया. हमले में एसआई रंजन कुमार समेत कई पुलिसकर्मियों को चोटें आईं.
घटना के बाद घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. साइबर डीएसपी मो. शाहनवाज अख्तर ने भी पुलिस टीम पर हमले की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि सभी घायल पुलिसकर्मियों का इलाज कराया जा रहा है. एसआई रंजन कुमार की हालत फिलहाल ठीक है.
मंगलवार को खनन विभाग की टीम पर हुआ था हमला
नवादा में सरकारी टीम पर हमले की यह दूसरी घटना है. इससे पहले मंगलवार को गोविंदपुर थाना क्षेत्र के करणपुर बालू घाट स्थित सकरी नदी में अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची खनन विभाग की टीम पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया था.
इस हमले में खान निरीक्षक संतोष प्रकाश झा, खान निरीक्षक सौरभ अभिषेक और एक होमगार्ड जवान घायल हो गए थे. संतोष प्रकाश झा को सबसे अधिक चोटें आई थीं. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया था.
48 घंटे में दो हमलों से कानून-व्यवस्था पर सवाल
एक तरफ पुलिस साइबर ठगी के आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंच रही है, तो दूसरी तरफ अवैध बालू खनन रोकने गई खनन विभाग की टीम पर भी हमला हो रहा है. महज 48 घंटे के भीतर दो सरकारी टीमों को निशाना बनाए जाने से जिले में कानून-व्यवस्था और अपराधियों के बढ़ते हौसले को लेकर सवाल उठने लगे हैं.





